अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने मंगलवार से पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती के ऑनलाइन आवेदन शुरू किए. भर्ती 1100 पदों के लिए होगी. अनावश्यक आवेदन ना हो और मामला कानूनी पेचीदगी में न जाए इसलिए आवेदन की अंतिम तिथि तक राजस्थान पशु चिकित्सा परिषद से स्थायी या अस्थायी पंजीयन भी मांगा गया है.
आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि 17 जुलाई को 1100 पदों के लिए पशु चिकित्सा अधिकारी की भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था. विज्ञापन में कुल पदों की संख्या के अनुसार सभी वर्गों के वर्गीकरण भी किए गए. अनावश्यक भीड़ को रोकने के लिए आयोग ने शैक्षिक योग्यता के साथ राजस्थान पशु चिकित्सा परिषद से स्थायी और अस्थायी पंजीयन भी मांगा है. पंजीयन अभ्यार्थी को आवेदन की अंतिम तिथि 3 सितंबर तक होना चाहिए. इसके अलावा अभ्यर्थी को अनिवार्य रूप से इंटर्नशिप लिखित परीक्षा की तिथि से पहले तक पूरा करना भी अनिवार्य होगा.
मेहता ने बताया कि अभ्यर्थी को शैक्षिक योग्यता आयु और अनुभव होने पर ही ऑनलाइन आवेदन करना चाहिए. भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदनकर्त्ता की उम्र 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम आयु 20 और अधिकतम 40 से कम होनी चाहिए. भर्ती के लिए आरक्षित वर्ग को आयु सीमा में रियायत है. परीक्षा वस्तुनिष्ठ रूप से होगी. परीक्षा के स्थान, तिथि और समय के संबंध में आयोग जल्द ही सूचना जारी करेगा. बता दें कि पशु चिकित्सा अधिकारी भर्ती 2019 से सम्बंधित कोर्ट में काफी प्रकरण थे. यही वजह है कि यह भर्ती कानूनी पेचीदगी में न उलझ जाएं इसलिए राजस्थान पशु चिकित्सा परिषद जयपुर से पंजीयन की शर्त लागू की है.




















