कोटा: प्रदेश के शिक्षा और पंचायत राज्य मंत्री मदन दिलावर ने शुक्रवार को रामगंज मंडी विधानसभा क्षेत्र में जलभराव से बिगड़े हालातों का दौरा कर रहे हैं. इस दौरान मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री ने चित्तौड़गढ़ के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक के अश्लील वीडियो पर कहा कि वह शिक्षक नहीं राक्षस है. इस बीच आरोपी शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है. शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.
शिक्षा मंत्री ने कहा कि चित्तौड़गढ़ के बेगूं क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के शिक्षक का वीडियो वायरल हुआ है. जिसमें शिक्षक सारी मर्यादाएं लांघते नजर आ रहा है. इस वीडियो को देखकर लगता है कि इंसान नहीं वह राक्षस प्रवृत्ति का व्यक्ति है. उनकी हरकतों को बयान भी नहीं किया जा सकता है. दिलावर ने कहा कि बच्चों के साथ अश्लील हरकतें करने का बेहद अश्लील वीडियो है. ऐसे शिक्षक समाज पर कलंक हैं. ये समाज और शिक्षा के मंदिर को कलंकित कर रहे हैं. इन्हें ऐसा दंड दिया जाएगा, जो अन्य के लिए एक नजीर बने. यह वीडियो मैंने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारी, निदेशक और सेक्रेटरी को भेज दिया है. साथ निर्देश दिए की सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य: इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद बाल कल्याण समिति मौके पर पहुंची. बेगूं थानाधिकारी शिवलाल मीणा ने बताया कि पुलिस ने पॉक्सो, बीएमएस, एसटी-एससी एक्ट, जेजे एक्ट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. भीलवाड़ा से एफएसएल टीम को बुलाया है, जिसने साक्ष्य जुटाएं हैं. वहीं मेडिकल टीम को भी मौके पर ही स्कूल में बुलाया है. इस टीम ने स्कूल का अवलोकन कर साक्ष्य जुटाएं हैं. आरोपित शिक्षक को हिरासत में ले लिया है. विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.
जलभराव क्षेत्रों में पैदल घूम रहे दिलावर: दूसरी तरफ मदन दिलावर रामगंज मंडी क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण जलभराव और बाढ़ की हालत का जायजा ले रहे हैं. जिसमें दिलावर पैदल ही जलभराव के क्षेत्र में घूम रहे हैं. उन्होंने सुकेत कस्बे के पीलिया खाल का निरीक्षण किया. दिलावर को स्थानीय लोगों ने नाले के कारण खेतों और बस्ती में पानी भर जाने की समस्या बताई. इस पर दिलावर ने तुरंत अधिकारियों को नाले को चौड़ा करने के निर्देश दिए, ताकि बिना रुकावट सुगमता से पानी निकल जाए. उन्होंने अतिक्रमण के चलते पानी निकासी में आ रही समस्या को दूर करने के निर्देश भी दिए है.




















