जोधपुर: दक्षिण भारत के साथ जोधपुर की सीधी और नियमित रेल कनेक्टिविटी की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी हो गई है. रेलवे ने काचीगुड़ा (हैदराबाद) से जोधपुर के भगत की कोठी स्टेशन के बीच प्रतिदिन ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा कर दी है. इस ऐतिहासिक पहल का उद्घाटन आज शाम 5 बजे रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी द्वारा किया जाएगा.
इस ट्रेन सेवा की नियमित शुरुआत सोमवार से होगी. काचीगुड़ा से चलने वाली यह ट्रेन जोधपुर के भगत की कोठी स्टेशन तक अकोला, खंडवा, उज्जैन, भीलवाड़ा, अजमेर और पाली जैसे प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी. ट्रेन का संचालन संख्या 17605/17606 के अंतर्गत किया जाएगा. केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर इस सेवा की घोषणा करते हुए ट्रेन की विस्तृत समय सारणी भी साझा की.
वहीं, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस नई सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार प्रकट करते हुए लिखा कि अब जोधपुर और हैदराबाद और भी करीब होंगे. यह सेवा सूर्यनगरी और दक्षिण भारत के बीच पहली सीधी प्रतिदिन रेल कनेक्टिविटी है. इससे न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी बल्कि व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी नई गति मिलेगी.
यात्रा मार्ग और समय सारणी इस प्रकार रहेगी:
17606 (भगत की कोठी से काचीगुड़ा)
- प्रस्थान: रात 10.30 बजे (भगत की कोठी)
- अजमेर: सुबह 3 बजे
- भीलवाड़ा: सुबह 5.55 बजे
- उज्जैन: दोपहर 1 बजे
- खंडवा: रात 10.45 बजे
- नांदेड़: सुबह 7.45 बजे (अगले दिन)
- आगमन: दोपहर 3.45 बजे (काचीगुड़ा)
17605 (काचीगुड़ा से भगत की कोठी):
- प्रस्थान: रात 10.50 बजे (काचीगुड़ा)
- नांदेड़: सुबह 7 बजे
- उज्जैन: अगले दिन सुबह 4 बजे
- भीलवाड़ा: सुबह 11.45 बजे
- अजमेर: दोपहर 2.10 बजे
- आगमन: रात 8 बजे (भगत की कोठी)
इस सेवा के शुरू होने से जोधपुर के यात्रियों को अब अजमेर और उज्जैन जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों के लिए एक नई और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा. जोधपुर से चलने वाली यह ट्रेन अजमेर सुबह पहुंचती है और उज्जैन दोपहर में, जबकि अब तक उज्जैन के लिए सुबह इंटरसिटी ट्रेन पर ही निर्भरता थी, जो देर रात पहुंचती है. यह ट्रेन सेवा जोधपुरवासियों के लिए दक्षिण भारत की यात्रा को पहले से कहीं अधिक सरल, सुविधाजनक और सुलभ बनाएगी.




















