कोटा: शहर कांग्रेस में आपसी खींचतान का दौर जारी है. पहले जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी को धमकी देने के मामले में शांति धारीवाल समर्थक कार्यकर्ता अभिमन्यु सुराणा को गिरफ्तार किया गया था. इस कार्यकर्ता को कोर्ट में पेश करने के दौरान पुलिस कस्टडी में ही अभिमन्यु सुराणा को जिला महासचिव विपिन बरथुनिया ने रोकने का प्रयास किया था. साथ ही धमकी भी दी थी. इस मामले में अभिमन्यु सुराणा ने नयापुरा थाने में परिवाद दिया था, जिसकी जांच चल रही है.
हालांकि, पुलिस ने विपिन बरथुनिया को शांति भंग की धाराओं में गुरुवार रात को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया है. इस दौरान कलेक्ट्रेट में विपिन बरथुनिया ने गंभीर आरोप शांति धारीवाल पर लगाए हैं. विपिन बरथुनिया नारेबाजी करता हुआ बाहर आया. विपिन बरथुनिया ने शांति धारीवाल पर जमकर भड़ास निकाली.
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, गोविंद सिंह डोटासरा, प्रहलाद गुंजल, जिला अध्यक्ष रविंद्र त्यागी और संविधान हार गया है, लेकिन शांति धारीवाल जीत गया है. जब तक शांति धारीवाल है, वह विधानसभा में कांग्रेस को हराने का काम करेंगे. इस मामले में उनके वकील हरीश शर्मा का कहना है कि अधिकारियों ने हाईकोर्ट जज के निर्देश शांतिभंग के आरोपियों को जेल नहीं भेजा जाए, लेकिन ऐसा हुआ है. इस दौरान विपिन बरथुनिया के समर्थन में कांग्रेस नेता नीरज शर्मा, अजय भान सिंह शक्तावत और मंजू चौधरी सहित बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे.
विपिन बरथुनिया ने कलेक्ट्रेट में रास्ता रोकने का प्रयास किया था. इस मामले में शांति भंग की धाराओं में उसे पाबंद करवाने के लिए गिरफ्तार किया था. जिसे न्यायालय में पेश कर दिया था, जहां से ज्यूडिशल कस्टडी में भेजा गया है. किसी ने उसके खिलाफ परिवाद दिया है या नहीं, इस संबंध में जानकारी करूंगा.




















