झालावाड़ : राजस्थान की हाई प्रोफाइल सीट अंता पर कभी भी उपचुनाव का बिगुल बज सकता है, ऐसे में इस सीट पर विधानसभा का उपचुनाव कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों की जांच व गहन निरीक्षण करने के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की है, जो की अंता विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का बारीकी से निरीक्षण कर इसकी जांच रिपोर्ट दो दिन के भीतर जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपेगी.
जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर कमेटी की अध्यक्षता कर रहे हैं. अंता एसडीएम को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वह विधानसभा क्षेत्र में मतदान केंद्रों पर मतदान करने के लिए सभी आवश्यक सुविधा सुनिश्चित करें. जिला निर्वाचन अधिकारी की ओर से गठित की गई कमेटी में आठ सदस्य मौजूद हैं, जिसमें अंता एसडीएम, बारां, अंता और मांगरोल क्षेत्र के तहसीलदार, सार्वजनिक निर्माण विभाग बारां के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, जिला शिक्षा अधिकारी और मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी बारां शामिल हैं.
गौरतलब है कि प्रदेश की अंता विधानसभा सीट पर गत विधानसभा चुनाव में कंवरलाल मीणा और कांग्रेस के प्रमोद जैन भाया के बीच चुनाव लड़ा गया था, जिसमें मीणा ने प्रमोद जैन भाया को पटकनी देकर जीत हासिल की थी. गत दिनों पंचायत चुनाव में एसडीएम के साथ धक्का मुक्की और मारपीट के एक मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा. इसके बाद विधानसभा से उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई. ऐसे में एक बार फिर अंता विधानसभा सीट पर जल्द ही उपचुनाव होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं.




















