राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सीडेंट में दो वाहनों के बीच जोरदार टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। वही हादसे में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं। यह हादसा जिले के बूढ़ादीत थाना इलाके में चम्बल नदी पर हुआ है।
बूढ़ादीत थाना अधिकारी रघुनाथ सिंह ने बताया कि मरने वाले लोग करौली के निवासी थे। वह लोग अपने रिश्तेदारों के साथ गोद भराई के कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के इंदौर गए थे। कार्यक्रम समाप्ति के बाद सभी लोग इंदौर से वापस दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते करौली लौट रहे थे। तभी बूढ़ादीत के पास चंबल नदी पर अज्ञात वाहन ने टेंपो ट्रैक्स को टक्कर मार दी।
हादसा के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर मौत हुई है जबकि एक क अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वहीं दो वाहनों में हुई जोरदार टक्कर के बाद टेंपो ट्रैक्स वाहन पीछे से अन्य वाहन से टकरा गया।
पुलिस ने बताया कि हादसे में सुरेश सोनी, गीता सोनी और अनिल की मौके पर मौत हो गई। जबकि बृजेश को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। हादसे के दौरान गाड़ी में एक दर्जन से अधिक लोग सवार थे। वहीं सभी घायलों को पहले बूंदी जिले के दहीखेड़ा अस्पताल ले जाया गया।
यहां से उन्हें कोटा एमबीएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर सभी का उपचार जारी है हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान करने के प्रयास कर रही है।




















