श्री सांवलिया सेठ मंदिर में श्रद्धालुओं की आस्था के साथ उमड़ा धन सागर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है. 24 जून को खोले गए मंदिर के दानपात्र भंडार की गिनती का सिलसिला लगातार जारी है. बुधवार को पांचवें राउंड की गणना की गई, जिसमें 1 करोड़ 71 हजार 100 रुपए की राशि सामने आई. अब तक कुल मिलाकर मंदिर को प्राप्त दान राशि 22 करोड़ 76 लाख 71 हजार 100 रुपए तक पहुंच चुकी है.
आप को बता दें कि 24 जून को कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी के दिन दानपात्र खोला गया था। उसी दिन पहले राउंड में ही रिकॉर्डतोड़ 10 करोड़ 25 लाख रुपए की गिनती हुई थी. इसके बाद 25 जून को अमावस्या के चलते मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिसके कारण उस दिन गिनती नहीं हो सकी 26 जून को दूसरे दिन की गिनती में 1 करोड़ 80 लाख रुपए सामने आए. वहीं 27 जून को तीसरे दिन की गणना में 4 करोड़ 55 लाख रुपए गिने गए.
अधिकारियों की निगरानी में की गई गिनती
शनिवार और रविवार यानी 28 और 29 जून को बैंक अवकाश के कारण काउंटिंग स्थगित करनी पड़ी वहीं 30 जून को मंदिर मंडल की बोर्ड बैठक आयोजित की गई, जिससे उस दिन भी गिनती नहीं हो सकी. इसके बाद एक जुलाई को चौथे राउंड की गिनती हुई थी, जिसमें 5 करोड़ 14 लाख रुपए की गणना हुई थी. और अब पांचवें राउंड में 1.71 लाख रुपए की राशि सामने आई है. हर राउंड की गिनती मंदिर मंडल, बैंक अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में की जा रही है.
ऑनलाइन दान की गिनती अभी बाकी
दान की इस विराट राशि को देख एक बार फिर श्री सांवलिया सेठ के प्रति लोगों की गहरी आस्था और विश्वास उमड़ आया है. मंदिर मंडल के अनुसार गिनती अभी जारी है और आने वाले दिनों में अंतिम आंकड़ा और भी अधिक बढ़ सकता है. मंदिर प्रशासन की ओर से अभी तक ऑनलाइन आए दान और सोने चांदी और विदेशी मुद्राओं की गिनती भी नहीं की गई है.




















