जयपुर. खाटूश्यामजी के दर्शन को जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए उत्तर-पश्चिम रेलवे ने एक बड़ी राहत देने वाला फैसला लिया है. श्रद्धालुओं की भीड़ और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेवाड़ी-रींगस के बीच एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है. दरअसल, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है. यह ट्रेन जुलाई महीने में कुल 8 फेरे लगाएगी.
उत्तर-पश्चिम रेलवे के सीपीआरओ कैप्टन शशि किरण ने जानकारी देते हुए बताया कि ट्रेन संख्या 09633 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 11 जुलाई से 26 जुलाई के बीच चलाई जाएगी. यह ट्रेन रेवाड़ी से रात 10.50 बजे रवाना होकर देर रात 1.35 बजे रींगस पहुंचेगी. वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 09634 रींगस-रेवाड़ी एक्सप्रेस 12 जुलाई से 27 जुलाई के बीच चलाई जाएगी. यह ट्रेन रींगस से रात 2.20 बजे रवाना होकर सुबह 5.20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी.
नीम का थाना, कांवट और श्रीमाधोपुर में भी रुकेगी यह ट्रेन
इस स्पेशल सेवा के तहत ट्रेन नीम का थाना, कांवट और श्रीमाधोपुर स्टेशनों पर ठहरेगी जिससे इन क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी आसानी हो सकेगी. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपने स्टेशन की टाइमिंग की पुष्टि जरूर कर लें ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो.
सावन और गुरु पूर्णिमा पर भीड़ के मद्देनजर खास इंतजाम
खाटूश्यामजी में सावन मास और गुरु पूर्णिमा जैसे अवसरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है. ऐसे में रेलवे की ओर से चलाई जा रही यह विशेष ट्रेन सेवा आम यात्रियों और श्रद्धालुओं दोनों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी. रेलवे ने इस सेवा को सफल बनाने के लिए संबंधित स्टेशनों को सभी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं.




















