जयपुर: राजधानी जयपुर में मां-बेटे के रिश्ते को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. मामूली बात को लेकर बेटा मां से झगड़ने लगा और मुक्के बरसाने शुरू कर दिए. इस दौरान सिर में गंभीर चोट लगने से मां बेहोश हो गई. अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया है. करधनी थाने में आरोपी बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
जयपुर (पश्चिम) डीसीपी हनुमान प्रसाद मीणा ने बताया कि करधनी थाना इलाके में अरुण विहार की यह घटना है, जहां सिलेंडर मंगवाने की बात को लेकर संतोष पर बेटे नवीन ने हमला कर दिया. उसने अपनी मां के साथ मुक्कों से मारपीट की. इस दौरान सिर पर गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गई. उसे अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. अब मुकदमा दर्ज कर आरोपी बेटे नवीन को गिरफ्तार कर लिया गया है.
आए दिन होता रहता झगड़ा : उन्होंने बताया कि मृतक संतोष के जेठ ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर करधनी थाने में रिपोर्ट दी है. जिसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी नवीन नशा करने का आदी है. हालांकि, वह वारदात के समय नशे में नहीं था. उन्होंने बताया कि उसकी 2020 में शादी हुई थी. विवाद के बाद पत्नी छोड़कर चली गई. पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज करवा रखा है.
बहन-पिता ने किया बीच-बचाव का प्रयास : उन्होंने बताया कि संतोष के पति लक्ष्मण सिंह सेना से रिटायर्ड हैं. अभी दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं. उनकी पत्नी, दो बेटियां और बेटा जयपुर में रह रहे थे. लक्ष्मण सिंह भी इन दिनों जयपुर आए हुए हैं. उन्होंने और बेटियों ने हमला कर रहे नवीन को रोकने और बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन वह आवेश में आकर ताबड़तोड़ हमला करता रहा.




















