धौलपुर: सरमथुरा थाना इलाके में 15 साल की नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है. घटना को अंजाम दो परिचित युवकों ने दिया. दोनों आरोपी पीड़िता को बहला-फुसला कर अपने साथ ले गए थे. आरोपियों ने बाड़ी थाना इलाके में जंगल में ले जाकर बारी-बारी से नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया.
थाना प्रभारी कृपाल सिंह ने बताया कि घटना के संदर्भ में नाबालिग के पिता ने नामजद दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया है. रिपोर्ट में आरोप है कि नाबालिग अपने पिता के साथ रक्षाबंधन का त्योहार मनाने घर पर आई थी. 12 अगस्त की रात को वह अचानक घर से गायब हो गई. परिवार ने आसपास उसकी तलाश की, लेकिन लड़की का सुराग नहीं लगा. दूसरे दिन लड़की बाड़ी थाना क्षेत्र में मिली.
परिजनों की पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि गांव के ही दो युवक उसे जंगल में ले गए. वहां उन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया और बाड़ी के पास छोड़कर फरार हो गए. थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है. सामूहिक दुष्कर्म का मामला होने की वजह से जांच सीओ को सौंपी गई है. नाबालिग लड़की के पर्चा बयान लेकर मेडिकल करा दिया है. घटनास्थल का भी पुलिस ने मौका मुआयना कर लिया है. घटना के बाद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं. थाना प्रभारी ने बताया आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है. जिन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.




















