दौसा : जिले में सोमवार देर रात दौसा रेलवे स्टेशन और जड़ाव फाटक के बीच ट्रेन की चपेट में आकर 27 वर्षीय ट्रेनी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र सैनी की मौत हो गई. भरतपुर जिले के बलवंतगढ़ गांव के निवासी और धौलपुर पुलिस लाइन में पोस्टेड राजेंद्र की मौत ने हर किसी को सन्न कर दिया है. शुरुआती जांच में जीआरपी इसे हादसा मान रही है. संभावना जताई जा रही है कि मोबाइल पर बात करते वक्त राजेंद्र पटरी पर चले गए, हालांकि आत्महत्या की आशंका को भी नकारा नहीं जा रहा.
जीआरपी थाने के घनश्याम दत्त मीना ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत होने की सूचना पर मौके पर पहुंचे. जिसकी पहचान राजेंद्र सैनी के रूप में हुई. मृतक सब इंस्पेक्टर 2021 भर्ती का ट्रेनी एसआई था, जो धौलपुर पुलिस लाइन में पोस्टेड था. मृतक का मोबाइल उसके कान के पास ही पड़ा मिला. ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि मृतक किसी से फोन पर बात करते हुए पटरी पर आया और हादसे का शिकार हो गया. हालांकि आत्महत्या और हादसा दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच की जा रही है.
परिवार का रो-रोकर बुरा हाल : राजेंद्र सब इंस्पेक्टर भर्ती 2021 से चयनित हुए थे, लेकिन भर्ती प्रक्रिया विवादों में आने के बाद से ही तनाव झेल रहा था. नौकरी मिलने के बावजूद वे दौसा में किराए पर रहकर ईओ भर्ती की तैयारी कर रहा था. वहीं राजेंद्र की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी जिला अस्पताल में पहुंच गए. जहां माहौल बेहद भावुक रहा. मां की चीखें सुनकर हर कोई स्तब्ध रह गया. परिजनों का कहना है-“राजेंद्र परिवार की उम्मीद था, मेहनत से वर्दी पाई थी, लेकिन सिस्टम ने उसका आत्मविश्वास तोड़ दिया.” वहीं ट्रेनी सब इंस्पेक्टर राजेंद्र की मौत से उसके साथी दोस्त भी सदमे में है कि राजेंद्र के साथ ऐसा क्या हुआ?




















