जयपुर: राजधानी जयपुर समेत प्रदेश भर में जोरदार बारिश का दौर देखने को मिल रहा है. कई जगह पर बारिश का कहर देखने को मिला है. जयपुर के सेज थाना इलाके में बारिश में भीगने से बचने के लिए एक व्यक्ति ट्रक के नीचे बैठ गया, लेकिन बड़ा हादसा हो गया. ट्रक से कुचलकर व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक विजय कुमार के परिजनों की ओर से सेज थाने में लापरवाही पूर्वक ट्रक से कुचलने का मामला दर्ज करवाया गया है.
दुर्घटना थाना पश्चिम के हेड कांस्टेबल लालाराम के मुताबिक गुरुवार को मृतक विजय कुमार के दामाद अनिल कुमार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि उसके ससुर विजय कुमार सेज थाना इलाके के 250 फीट रोड दादिया इलाके में पेट्रोल पंप के पास खड़े थे. इस दौरान बारिश आना शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए पास में खड़े ट्रक के नीचे आसरा ले लिया. ट्रक चालक ने नीचे देखे बिना ही ट्रक को लापरवाही पूर्वक चला दिया.
ट्रक के नीचे कुचलने से विजय कुमार की दर्दनाक मौत हो गई. ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने विजय कुमार को अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शिव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. मृतक के दामाद अनिल कुमार की रिपोर्ट पर अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है. ट्रक नंबर के आधार पर ट्रक मालिक और चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस की ओर से घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
बारिश के कारण बिजली के खभों में दौड़ रहा करंट : बारिश के कारण आमेर इलाके के बिजली के खंभो में करंट दौड़ने का मामला सामने आया है. इलाके में बारिश का पानी भरने से करंट दौड़ रहा है. सागर रोड के पास बिजली के खंभे में करंट दौड़ने से एक गाय की मौत हो गई. स्थानीय निवासी राजा पारीक के मुताबिक बिजली के खंभो में करंट दौड़ रहा है. पहले भी करंट की वजह से एक घोड़ी और गाय की मौत हुई थी. करंट की वजह से इंसानों की जान को भी खतरा बना हुआ है. लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी है. तेज बारिश के कारण आमेर के सभी जल स्रोत लबालब पानी से भर कर ओवरफ्लो हो गए हैं. कई कॉलोनी के घरों में पानी भर गया है, तो वहीं सड़कें भी दरिया गई हैं.
मौसम विभाग का अलर्ट : जयपुर मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के मुताबिक आगामी तीन-चार दिन दक्षिणी पूर्वी भागों में कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में माध्यम से भारी और कहीं-कहीं पर अति भारी बारिश होने की संभावना है. जयपुर, भरतपुर, अजमेर संभाग के कुछ भागों में माध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है. जोधपुर, बीकानेर, जयपुर के कुछ भागों में आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की संभावना है. जोधपुर संभाग में 5 से 7 सितंबर के दौरान भारी और अति भारी बारिश होने की संभावना है.




















