बीकानेर के लूणकरनसर में लाखों रुपए की नगदी और जेवरात चोरी का मामला सामने आया है। चोरी बामनवाली के नंदलाल सारस्वत के घर पर हुआ है। आश्चर्य की बात ये है कि परिजन घर में ही चौक में गहरी नींद में सो रहे थे और चोर सारा कीमती सामान समेटकर ले गए। सुबह पौने पांच बजे आंख खुली तब घटना का पता चला।
लूणकरनसर के बामनवाली गांव में रहने वाले नंदलाल पुत्र श्रीलाल सारस्वत ने बताया कि वो रात में गर्मी के कारण घर के चौक (आंगन) में सो रहे थे। परिवार के अन्य सदस्य भी यहीं पर सो रहे थे। सुबह पौने पांच बजे आंख खुली तब पता चला कि चोरी हुई है। कूलर के आगे सो रहे परिवार के किसी सदस्य को भनक तक नहीं लगी कि चोर आकर चले भी गए। ये चोर घर के पीछे बनी दीवार फांदकर आए थे और कमरे के अंदर पहुंच गए।
हरियाणा का ऐसा गांव, जहां के ग्रामीण आपस में ही करवाते हैं शादियां
कमरे में ताले टूटे हुए थे। इसी अलमारी में चार जोड़ी चांदी की पायल, सोने के एक जोड़ी कड़े, चांदी के पांच सिक्के, बिच्छुड़ी दो जोड़ी, छह जोड़ी सोने के कंगन, एक सोने की अंगूठी, चोरी हो गए। इसके अलावा अलमारी में रखे एक लाख 75 हजार रुपए भी चोर उठाकर ले गया। घटना के बाद सुबह पुलिस को फोन किया गया। मौके पर पहुंची लूणकरनसर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज ढूंढ रही है। ये मिलने पर ही चोरी की जांच आगे बढ़ सकेगी।




















