जयपुर: भारत की आर्थिक संरचना को मजबूत करने वाले चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA) की नई पीढ़ी में राजस्थान से 815 नए सदस्य जुड़े. इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की ओर से जयपुर में हुए दीक्षांत समारोह में सभी नवनिर्वाचित सीए को औपचारिक तौर पर सदस्यता दी गई. इस दौरान 71 वर्षीय रिटायर्ड अफसर सीए ताराचंद अग्रवाल चर्चा का विषय रहे. यहां हर कोई अपने माता-पिता के साथ पहुंचा, जबकि ताराचंद अपनी पोतियों के साथ सदस्यता ग्रहण करने पहुंचे.
नए सीए रखेंगे विकास की आधारशिला : सेंट्रल काउंसिल मेंबर सीए सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि जयपुर में दीक्षांत समारोह में इस बार 815 नए सीए जुड़े. ये सिर्फ संख्या नहीं है, बल्कि प्रदेश और देश के लिए आर्थिक और सामाजिक दृष्टि से बड़ा फायदा है. नए सीए प्रदेश की कंपनियों, स्टार्टअप्स, उद्योग-धंधों और व्यापारियों को बेहतर वित्तीय परामर्श देंगे. टैक्स कम्प्लायंस, ऑडिट और फाइनेंशियल मैनेजमेंट में इनकी विशेषज्ञता स्थानीय उद्योगों को पारदर्शिता और मजबूती देगी. जयपुर और आसपास के शहरों में बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम को प्रशिक्षित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की जरूरत रहती है. ये नए सीए न सिर्फ खुद रोजगार पाएंगे बल्कि स्टार्टअप्स और उद्यमियों को सही वित्तीय दिशा देकर नए रोजगार भी पैदा करेंगे.
निवेश माहौल को बढ़ावा : जब कंपनियों और संस्थाओं का वित्तीय लेखा-जोखा पारदर्शी और व्यवस्थित होगा तो निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा. इससे राजस्थान में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय निवेश आकर्षित हो सकता है. कई सीए सरकारी विभागों, बैंकिंग, पब्लिक सेक्टर यूनिट्स और ऑडिट संस्थाओं में भी अपनी सेवाएं देते हैं. इससे सरकारी योजनाओं की पारदर्शिता और वित्तीय जवाबदेही मजबूत होगी. ये सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स अब भारत की जीडीपी, टैक्सेशन सिस्टम और कॉरपोरेट गवर्नेंस में अहम भूमिका निभाएंगे. सबसे अहम 815 सीए बनने से प्रदेश के हजारों छात्र-छात्राओं को प्रेरणा मिलेगी कि कठिन परिश्रम से चार्टर्ड अकाउंटेंसी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पास की जा सकती है.
जिम्मेदारी और ईमानदारी की शपथ :मानसरोवर स्थित दीप स्मृति ऑडिटोरियम में समारोह में विशिष्ट अतिथिसीए ओपी अग्रवाल और विशेष अतिथि सीए हिमांशु गोयल रहे. समारोह का समन्वय सेन्ट्रल काउंसिल मेंबर सीए सतीश कुमार गुप्ता और सीए (डॉ.) रोहित रूवाटिया अग्रवाल ने किया. इस दौरान सीए सतीश कुमार गुप्ता ने कहा कि ये केवल डिग्री प्राप्त करने का दिन नहीं है, बल्कि जिम्मेदारी और ईमानदारी की शपथ का अवसर है. नए सीए अब राष्ट्र की वित्तीय ईमानदारी के प्रहरी हैं. उन्हें अपने कार्य में पारदर्शिता और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी होगी. सीए (डॉ.) रोहित रूवाटिया अग्रवाल ने कहा कि ये सेवा और नई जिम्मेदारी की ओर पहला कदम है.
आपको बता दें कि केंद्रीय स्तर पर Convocation 2025 के तहत देशभर के अहमदाबाद, मुंबई, पुणे, बेंगलूरु, चेन्नई, हैदराबाद, इंदौर, कोलकाता, गाजियाबाद, दिल्ली, जयपुर समेत 15 शहरों में सोमवार को एक साथ कार्यक्रम हुआ. इसमें कुल 13 हजार 737 नए सीए को सदस्यता दी गई. मुख्य समारोह में आईसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीए चरणजोत सिंह नंदा और मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस एवं प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI) की चेयरपर्सन स्वनीत कौर मौजूद रहीं.




















