अजमेर: शहर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक आना सागर झील से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. झील में एक तीन साल की नन्ही बालिका का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को झील से बाहर निकाला. इसके बाद शव को जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है.
पुलिस ने मां को हिरासत में लिया: क्रिश्चियन गंज थाना प्रभारी अरविंद चारण ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि बच्ची को झील में उसकी मां ने ही फेंका होगा. उन्होंने बताया कि 16 सितंबर की रात महिला अपनी बेटी के साथ चौपाटी क्षेत्र में घूमती हुई दिखाई दी थी. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस ने महिला की पहचान कर ली है और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला: थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि बच्ची की मौत कैसे हुई और इसमें कौन जिम्मेदार है. पुलिस ने आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली है. एक फुटेज में महिला अपनी तीन साल की बच्ची के साथ दिखाई दी, जबकि दूसरे स्थान पर लगे कैमरे में वह अकेली नजर आई. इससे मामला और संदिग्ध हो गया है. थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.
लोगों में भय और गुस्सा: घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए. स्थानीय लोगों में भय और गुस्से का माहौल है. कई लोगों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की. फिलहाल पुलिस ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर आगे की जांच शुरू कर दी है.




















