अलवर: जिले में ‘ऑपरेशन साइबर संग्राम’ के तहत वैशाली नगर थाना पुलिस ने एक शातिर ठग को गिरफ्तार किया है. आरोपी ठग विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग महिलाओं के नाम से अकाउंट बनाकर युवकों से दोस्ती करता था और वीडियो कॉल के जरिए उन्हें अपना शिकार बनाता था. मौके से आरोपी के पास से करीब 30 हजार रुपए व मोटरसाइकिल मिले, जिसे जब्त किया गया. एडिशनल एसपी ने बताया कि प्रकरण में अनुसंधान किया जा रहा है.
एडिशनल एसपी शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया कि मुखबिर के जरिए वैशाली नगर थाना पुलिस को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र अंतर्गत एक संदिग्ध व्यक्ति खड़ा है. इस सूचना पर टीम मौके पर पहुंची, तो व्यक्ति पुलिस को देख मोटरसाइकिल स्टार्ट कर भागने लगा. इस पर पुलिस ने युवक को पकड़कर जानकारी ली. पुलिस ने युवक का मोबाइल चेक किया, जिसमें अश्लील वीडियो एवं वॉट्सएप पर रिकॉर्ड की गई लोगों की वीडियो मिली. जिससे पूछताछ करने पर पता चला कि वह लोगों से ठगी कर रहा था. इस पर टीम ने मौके से युवक को गिरफ्तार किया और थाने लेकर पहुंची.
महिला बनकर युवकों से करता था दोस्ती: प्राथमिक जांच में पता लगा कि आरोपी मुस्ताक खान (20) निवासी डीग, सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर महिलाओं के नाम से अकाउंट बनाकर युवकों से दोस्ती करता था. इसके बाद आरोपी युवकों के कॉन्टैक्ट नंबर एक्सचेंज कर युवकों से व्हाट्सएप पर चैट करता और अपने जाल में फंसाकर युवकों को वीडियो कॉल कर उन्हें अश्लील वीडियो दिखाकर उनका वीडियो बनाता था. इसके बाद उनकी वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उनसे ठगी करता था. राशि मिलने के बाद आरोपी उस नंबर को ब्लॉक कर देता था. आरोपी अलवर व भरतपुर में लोकेशन बदल-बदलकर लोगों को शिकार बनाता था, जिससे पुलिस की पकड़ से बच सके.
खाते में मिला 15 लाख से ज्यादा का लेन देन: एएसपी ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी के फोन से साइबर अपराध के कई साक्ष्य मिले हैं, इसमें कई लोगों के साथ ठगी करना पाया गया है. उन्होंने बताया कि आरोपी के बैंक खाते में यूपीआई की डिटेल खंगाली जा रही है. एडिशनल एसपी कांबले ने बताया कि आरोपी के खाते में 15 लाख रुपए से ज्यादा के ट्रांजैक्शन मिले हैं. फिलहाल प्रकरण में अनुसंधान जारी है.




















