बूंदी : जिले के दई खेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 वर्षीय नाबालिग के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है. घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है. पीड़ित बालिका को लहूलुहान हालत में परिजनों ने पहले लाखेरी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां से गंभीर हालत होने पर उसे बूंदी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. पीड़िता की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है. घटना की सूचना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा भी अस्पताल पहुंची और पीड़ित बालिका के परिजनों से बात की. पुलिस ने पीड़ित बालिका की मां की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है.
चचेरे भाई पर लगा है आरोप : दई खेड़ा थाना के कार्यवाहक थाना प्रभारी कन्हैया लाल ने बताया कि मामले में पीड़िता की मां ने बच्ची के साथ दुष्कर्म की रिपोर्ट दी है. घटना सोमवार दोपहर की बताई जा रही है. बालिका अपने चचेरे नाबालिग भाई के साथ रोज की तरह जंगल में बकरियां चराने गई थी. यहां मौका देख उसके चचेरे भाई ने ही बच्ची के साथ वारदात को अंजाम दिया है. थाना प्रभारी पीड़िता और उसके परिजनों से जानकारी लेकर बयान दर्ज करेंगे.
घटना की गंभीरता पर एएसपी पहुंची अस्पताल : थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता को सोमवार रात परिजनों ने बूंदी अस्पताल में भर्ती करवाया था. मंगलवार सुबह अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से बात की. एएसपी उमा शर्मा ने बताया कि घटना घटित करने वाला भी नाबालिग ही बताया जा रहा है, जिसने जंगल में बकरियां चराने के दौरान घटना को अंजाम देने की बात सामने आ रही है.




















