जोधपुर: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की जोधपुर में तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक शुक्रवार को शुरू होगी. गुरुवार को संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने बैठक स्थल पर प्रेस वार्ता में बताया कि बैठक में 32 संगठनों के 320 प्रतिनिधि भाग लेंगे. आंबेकर ने बताया कि समन्वय बैठक, निर्णायक बैठक नहीं है. यहां चर्चा होगी. सभी संगठन अपना निर्णय लेने के लिए खुद स्वतंत्र हैं. वहीं गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा जोधपुर पहुंचेगे. वे संघ की बैठक में भी भाग लेंगे.
सुनील आंबेकर ने बताया कि इस बैठक में संगठन के लोग अपने जमीनी अनुभव बताएंगे. देश और राज्यों के हालात पर भी चर्चा होगी. बैठक में आपसी समन्वय बढ़ाने, सरकारों के साथ समन्वय व अन्य विषयों पर चर्चा होगी. आंबेकर ने बताया कि महिला संगठन के प्रतिनिधि भी इस बैठक में हिस्सा ले रहे हैं. इस तीन दिवसीय बैठक में 320 प्रतिनिधि शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि संघ के इस वर्ष 100 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं. 1925 में विजयादशमी को संघ की स्थापना हुई थी. इस वर्ष 2 अक्टूबर को विजयादशमी पर नागपुर से शताब्दी वर्ष के कार्यक्रम शुरू होंगे. वहीं हिंदू सम्मेलन बस्ती और मंडल स्तर पर होंगे. सामाजिक सद्भाव की बैठक भी होगी.




















