बूंदी: देवपुरा क्षेत्र में संत निरंकारी भवन के पास शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. कोटा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही रोडवेज बस ने सड़क किनारे पैदल जा रहे दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया. हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस ड्राइवर गाड़ी चलाते समय साथ बैठे परिचालक से तंबाकू मांग रहा था, इसी दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया.
चालक को पकड़ पुलिस को सौंपा: दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. थाना प्रभारी रमेश आर्य ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हादसे में शामिल बस कोटा डिपो की जयपुर नंबर की बताई जा रही है. चालक और बस को थाने ले आए हैं. मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं. प्रत्यक्षदर्शी अनिल शर्मा ने बताया कि युवक सड़क के किनारे-किनारे चल रहे थे. अचानक बस बेकाबू होकर उन पर चढ़ गई.
जिम्मेदारी तय करने की मांग: क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि रोडवेज प्रबंधन लापरवाह चालकों पर तुरंत कार्रवाई करे और बसों की गति सीमा सख्ती से लागू की जाए. लोगों ने कहा कि जब तक जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होगी, तब तक हादसों की यह श्रृंखला थमेगी नहीं. स्थानीय निवासी विपुल शर्मा ने कहा कि रोडवेज बसें तेज रफ्तार में दौड़ती हैं. चालक गाड़ी चलाने की बजाय बातों में मशगूल रहते हैं. ये दुर्घटनाओं को खुला न्यौता है.




















