जोधपुर: रेलवे की रेल मदद शिकायत निवारण प्रणाली असरदार साबित हो रही है. जोधपुर मंडल में इस पर आने वाली शिकायत का 21 मिनट में निस्तारण किया जा रहा है. यात्री रेल मदद ऐप और वेबसाइट पोर्टल पर शिकायत कर सकते हैं. शिकायत के निस्तारण की प्रक्रिया ट्रैक कर सकते हैं, यानी यात्री जान सकता है कि उसकी शिकायत किस स्तर पर किस अधिकारी या कर्मचारी के पास लंबित है.
उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि भारतीय रेलवे रेल मदद पोर्टल (MADAD Mobile Application For Desired Assistance During Travel) डिजिटल पोर्टल से यात्रियों की शीघ्रता से मदद कर रहा है, जो रास्ते में मददगार साबित हो रही है. बढ़ती ट्रेनें और यात्री भार के बीच रेलवे का हर यात्री को मूलभूत सुविधा और बेहतर सेवाएं देने का दायित्व है. इसके बावजूद मेडिकल इमरजेंसी, कोच की स्वच्छता, खानपान, सुरक्षा संबंधी व अन्य जरूरतों के लिए यात्रियों के लिए केंद्रीकृत सेवा शुरू की गई. इसका यात्री उपयोग कर रहे हैं.
समय पर निस्तारण नहीं तो अगले चरण में: डीआरएम ने बताया कि रेलवे ने इस डिजिटल पोर्टल से प्राप्त हर समस्या के निस्तारण की समय सीमा तय की है. यदि किसी संबंधित ने निर्धारित समय में समाधान नहीं किया और समाधान की जानकारी दर्ज नहीं की तो स्वतः शिकायत उच्चाधिकारी तक पहुंच जाती है. इसके बाद प्रत्येक संबंधित को सुपरवाइज करना होगा.
21 मिनट में समाधान: जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम विकास खेड़ा ने बताया कि रेल मदद से प्राप्त शिकायतों पर वार रूम के जरिए 24×7 निगरानी रखी जा रही है. जुलाई में जोधपुर मंडल पर कुल 2185 शिकायतें डिजिटल पोर्टल पर मिली, जिनका मंडल स्तर पर मात्र 21 मिनट में शत प्रतिशत निस्तारण किया गया. इस पर यात्रियों से एक्सीलेंट का फीडबैक दिया.
एनडब्ल्यूआर देशभर में दूसरे नंबर पर: वर्तमान में उत्तर पश्चिम रेलवे रेल मदद ऐप पर शिकायतों का समाधान 24 मिनट में कर संपूर्ण भारतीय रेल में दूसरे स्थान पर है. उन्होंने बताया कि महाप्रबंधक अमिताभ के कुशल मार्ग निर्देशन में पोर्टल पर इस 1 अप्रेल से 31 जुलाई तक मिली सभी 43 हजार 524 शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की गई. इसके समाधान की औसत अवधि 24 मिनट रही.
कई माध्यमों से आसान पहुंच: चलती ट्रेन में यात्री रेल मदद का उपयोग वेबसाइट, मोबाइल ऐप, रेलवे हेल्पलाइन नंबर- 139, X (पूर्व ट्विटर), रेल वन ऐप, व्हाट्सएप चैट बॉक्स, वॉइस रिस्पांस सिस्टम और एसएमएस के माध्यम से सरलता से कर सकते हैं. रेल मदद उपरोक्त यात्री सेवाओं के साथ टिकट बुकिंग, रद्दीकरण, पीएनआर स्टेटस, लाइव रनिंग स्टेटस ट्रेन, आगमन व प्रस्थान की जानकारी भी उपलब्ध कराता है. इससे यात्री कैटरिंग व पार्सल से जुड़ी जानकारी भी मिलती है.




















