भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) नौगांवा स्थित प्रसिद्ध श्री सांवलिया सेठ मंदिर में शनिवार को रक्षाबंधन का पर्व पूरे हर्षोल्लास और भक्तिभाव से मनाया गया। इस खास अवसर पर, भगवान श्री सांवलिया सेठ को विशेष राखी की पोशाक धारण कराई गई, जिससे पूरा मंदिर परिसर और भी मनमोहक हो उठा। भक्तों के लिए यह नज़ारा बेहद भावुक और यादगार था। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडानी ने बताया कि पूर्णिमा के पावन अवसर पर एक विशेष हवन का आयोजन भी किया गया। पंडित प्रेम शंकर और पंडित प्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में हुए इस हवन में सत्यप्रकाश, अनिल, और रामबाबू गगड़ ने मुख्य रूप से भाग लिया, जिससे धार्मिक माहौल और भी दिव्य हो गया।
रक्षाबंधन के लिए मंदिर के गर्भ गृह को भी रंग-बिरंगी राखियों से सजाया गया। यह सजावट भक्तों के भगवान के प्रति असीम प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक थी। यह विशेष पोशाक और सजावट देखकर भक्तों की आस्था और भी गहरी हो गई। सत्यनारायण एंड पार्टी रायला की ओर से एक से बढ़कर एक भजन पेश किए गए। जिस माहौल भक्ति मय हो गया।
मंदिर में जन्माष्टमी पर बालकृष्ण और राधा-कृष्ण सज्जा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 0 से 18 वर्ष तक के बच्चे तीन अलग-अलग श्रेणियों में भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता की जिम्मेदारी गायत्री आचार्य, अन्नू हिम्मतरामका और सुचिता झंवर को सौंपी गई है।




















