जोधपुर: मारवाड़ में इस साल मानसून ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. जून से 15 सितंबर तक औसत से कहीं अधिक बारिश दर्ज की गई है. जोधपुर में सामान्यतः मानसून के दौरान 330.8 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस बार 13 सितंबर तक ही यह आंकड़ा 485.10 मिमी तक पहुंच गया, जो औसत से 73 प्रतिशत अधिक है. इसी तरह मारवाड़ के अन्य जिलों में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से कहीं ऊपर है.
मानसून की रवानगी: जयपुर मौसम विभाग के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार सितंबर की शुरुआत में ही अच्छी बारिश हुई है, लेकिन अब मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है. पश्चिमी राजस्थान में एंटी साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर सहित कई हिस्सों से मानसून के हटने के संकेत मिल रहे हैं. अगले दो-तीन दिनों में गुजरात, पंजाब और राजस्थान के कुछ और क्षेत्रों से मानसून की सक्रियता खत्म हो जाएगी. मौसम विभाग ने बताया कि तापमान तीसरे सप्ताह से बढ़ेगा और आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
पश्चिम राजस्थान में ज्यादा बारिश: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेशभर में इस मानसून में सामान्य से 69 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है. पूर्वी राजस्थान के 23 जिलों में 66 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिमी राजस्थान के 10 जिलों में यह बढ़कर 75 प्रतिशत हो गई है. विशेष रूप से जालोर, पाली, नागौर और जोधपुर में बारिश का आंकड़ा औसत से कहीं ऊपर रहा.
बरसाती नदियों में उफान: बारिश की वजह से नाग पहाड़ से निकलने वाली लूणी नदी पूरे वेग से बह रही है. इसी तरह जालोर में लूणी की सहायक सूकड़ी नदी भी उफान पर है. भारी बारिश के कारण बालोतरा में छह लोगों के बहने और जालोर में चार युवाओं के डूबने की घटनाएं सामने आई हैं. प्रशासन ने लोगों से बरसाती नदियों से दूर रहने की चेतावनी जारी कर दी है. इस भारी बारिश ने क्षेत्र की फसलों और जल स्रोतों को भरपूर लाभ पहुंचाया है. हालांकि, मानसून की रवानगी के साथ अब तापमान बढ़ने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ सकता है. प्रशासन ने बरसाती नदियों से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है.
मारवाड़ में एक जून से लेकर 15 सितंबर तक बरसात के आंकड़े
| जिला | औसत बारिश (मिमी) | वास्तविक बारिश (मिमी) | प्रतिशत अधिक बारिश |
|---|---|---|---|
| जोधपुर | 280.30 | 485.10 | 73 प्रतिशत |
| बाड़मेर | 260.90 | 384.70 | 47 प्रतिशत |
| पाली | 471.60 | 823.20 | 75 प्रतिशत |
| जालोर | 400.20 | 765.30 | 91 प्रतिशत |
| नागौर | 354.30 | 724.00 | 104 प्रतिशत |
| जैसलमेर | 169.70 | 222.20 | 31 प्रतिशत |
| सिरोही | 834.70 | 1072.00 | 28 प्रतिशत |




















