सिरोही: विधानसभा में मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कांग्रेस और उसके प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर तीखा हमला बोला. आबूरोड आए गर्ग ने कहा कि कांग्रेस अब पूरी तरह मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए उसके नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं. गर्ग ने डोटासरा की तुलना कांग्रेस नेता राहुल गांधी से की. गर्ग ने कहा कि जैसे दिल्ली में राहुल गांधी बिना तथ्य के आरोप लगाते हैं, वैसे ही राजस्थान में डोटासरा निराधार बातें करते हैं.
मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने कहा कि डोटासरा लंबे समय तक मंत्री रहे और पीसीसी चीफ हैं, लेकिन उनमें उस स्तर की गंभीरता दिखाई नहीं देती, जिसकी अपेक्षा की जाती है. वे बच्चों जैसी हरकतें करते हैं और गंवारों जैसी भाषा का उपयोग करते हैं. विधानसभा जैसे गंभीर मंच पर इस तरह की भाषा किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती.
भाषा का स्तर निम्न: मुख्य सचेतक ने डोटासरा पर महिला विधायकों के सम्मान को लेकर सवाल उठाए. उनका कहना था कि बाहर भले ही वे महिला विधायकों की निजता की दुहाई दें, लेकिन सदन के भीतर जिस भाषा का उपयोग करते हैं, वह बेहद हल्की और अनुचित है. हमें सुनकर शर्मिंदगी होती है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष इस स्तर की भाषा बोलते हैं.
सद्बुद्धि दें भगवान: उन्होंने कहा कि कांग्रेस की स्थिति खींसयानी बिल्ली खम्भा नोचे जैसी हो गई. बेतुके आरोप लगाकर और हल्की भाषा का इस्तेमाल कर कांग्रेस सिर्फ अपनी हताशा जाहिर कर रही है. भगवान से प्रार्थना करता हूं कि कांग्रेस नेताओं को सद्बुद्धि मिले और वे संजीदा मुद्दों पर बात करें. राज्य की जनता अब विकास और प्रगति चाहती है, ना कि बचकाने बयानों की राजनीति.
सरकार को सराहा: जोगेश्वर गर्ग ने आगे कहा कि प्रदेश में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं. नौकरियां निकल रही हैं. परीक्षाएं निष्पक्ष और शानदार ढंग से हो रही हैं. रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं.ऐसे समय में कांग्रेस के पास जनता से जुड़ा कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा. महंगाई और बेरोजगारी जैसे पुराने आरोप अब जनता पर असर नहीं डालते.




















