जयपुर : प्रदेश का प्रतिष्ठित पोलो टूर्नामेंट चिंकारा पोलो कप-2025 जयपुर पोलो टीम ने जीत लिया है. इस टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला जयपुर स्थित मिलिट्री स्टेशन के 61 कैवलरी पोलो ग्राउंड में जयपुर पोलो टीम और कोग्निवेरा स्टैलियंस के बीच खेला गया. मैच के आखिरी पलों तक दर्शकों को बांधे रखने वाले इस रोमांचक मुकाबले में आखिरकार जयपुर पोलो टीम ने 8-7 अंक से बढ़त बनाकर खिताब अपने नाम किया.
देश की सात टीमों ने लिया भाग : पत्र सूचना कार्यालय (रक्षा शाखा) की ओर से जारी बयान के अनुसार, चिंकारा पोलो कप- 2025 का फाइनल जयपुर मिलिट्री स्टेशन के 61 कैवलरी पोलो ग्राउंड में आयोजित किया गया. सप्त शक्ति कमांड के तत्वावधान में चिंकारा पोलो कप-2025 पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ 9 सितंबर को शुरू हुआ था. जिसमें देश की कुल सात टीमों ने भाग लिया. जिनमें वी पोलो, गोहिलवाड़ पोलो, कोग्निवेरा स्टैलियंस, जयपुर पोलो टीम और सेना की टीमें शामिल थीं.
2011 में शुरू हुआ चिंकारा कप : चिंकारा पोलो कप की स्थापना वर्ष 2011 में तत्कालीन जीओसी 61 सब एरिया द्वारा की गई थी. चिंकारा पोलो कप-2025 का ग्रैंड फिनाले नाटकीय अंदाज में समाप्त हुआ. जिसने दर्शकों को अंतिम सीटी बजने तक बांधे रखा. दर्शकों ने घुड़सवारी की कलात्मकता, खेल की भव्यता और उत्कृष्टता की खोज देखी जो सच्चे चैंपियन को परिभाषित करती है.
लांस वाटसन ने जुटाए सबसे ज्यादा अंक : जयपुर पोलो टीम ने कोग्निवेरा स्टैलियंस को 8-7 से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. 61 सब एरिया के जीओसी मेजर जनरल रोहित मेहरोत्रा ने विजेता टीम को प्रतिष्ठित ट्रॉफी प्रदान की. लांस वॉटसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर टीम के लिए सर्वाधिक अंक जुटाए. यह टूर्नामेंट भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा खेलों में कौशल विकास और उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया.




















