जयपुर: राजधानी जयपुर में ऑनलाइन ट्रेडिंग एप के जरिए बड़े मुनाफा का झांसा देकर साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है. साइबर अपराधियों ने पीड़ित को ऑनलाइन ट्रेडिंग एप में निवेश करने पर बड़े मुनाफे का झांसा देकर 81.75 लाख रुपए का चूना लगा दिया. जब उसने रुपए वापस मांगे, तो फोन उठाना बंद कर दिया और वाट्सएप पर उसका नंबर ब्लॉक कर दिया. इस संबंध में पीड़ित ने जयपुर के सांगानेर सदर थाने में मुकदमा दर्ज करवाया है. थाने की साइबर टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है.
मोबाइल पर लिंक भेजकर जोड़ा वाट्सएप ग्रुप में: सांगानेर सदर थानाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि एक शख्स ने 81.75 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला दर्ज करवाया है. पीड़ित एक कंपनी में डिप्टी मैनेजर है. उसने अपनी रिपोर्ट में बताया कि उसके मोबाइल नंबर को एक वाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया. इसके बाद ग्रुप में आए एक लिंक पर क्लिक कर ट्रेडिंग एप इंस्टॉल करवाई गई. उन्होंने निवेश पर रकम दोगुनी होने का झांसा दिया. उसने कुल मिलाकर 81.75 लाख रुपए की रकम जमा करवाई.
रोज बताई जाती पैसा कमाने की तरकीब: पीड़ित ने रिपोर्ट में बताया कि वाट्सएप पर आए मैसेज पर क्लिक करने के बाद उसका नंबर ऑनलाइन ट्रेडिंग एप के ग्रुप में जुड़ गया. आरोपियों ने ऑनलाइन ट्रेडिंग एप डाउनलोड कर पैसा कमाने की नई-नई तरकीबें बताई. वह आरोपियों के झांसे में आकर उनके बताए अनुसार रकम जमा करवाता रहा. उसने आरोपियों के कहे अनुसार, बैंक खातों में कुल 81.75 लाख रुपए जमा करवाए. इसके बाद रकम वापस मांगने पर फोन उठाना बंद कर दिया. वाट्सएप पर उसका नंबर ब्लॉक कर उसे ग्रुप से भी हटा दिया.
पुलिस की अपील, सावधान रहें, सुरक्षित रहें: थानाधिकारी अनिल कुमार का कहना है कि साइबर अपराधी तरकीब बदलकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं. उन्होंने आमजन से अपील की है कि अंजाम नंबर से आए लिंक पर क्लिक करने से बचना चाहिए और किसी भी ट्रेडिंग एप में बिना पड़ताल के रकम जमा नहीं करवानी चाहिए. साइबर ठगी की वारदात होने पर साइबर क्राइम हेल्पलाइन और पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाने की भी अपील की है.




















