जयपुर : केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF 2025) की सूची जारी कर दी. एनआईआरएफ की इंजीनियरिंग मेडिकल और मैनेजमेंट सहित अन्य संस्थानों की रैंकिंग में राजस्थान के कई संस्थानों को जगह मिली है. हालांकि, NIRF की ओर से जारी गई 2025 की रैंकिंग में राजस्थान का एक भी इंस्टीट्यूट टॉप 10 में अपनी जगह नहीं बना पाया. 4 इंस्टीट्यूट ने ओवरऑल टॉप 100 में जगह बनाई है. इसमें पिलानी स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस की 16वीं, जोधपुर स्थित इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी 66वीं, जयपुर स्थित मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी की 77वीं और मणिपाल यूनिवर्सिटी ने 98वीं रैंक हासिल की है. इन चारों ही इंस्टीट्यूट में अपनी रैंक पहले से बेहतर की है. हालांकि, प्रदेश का सबसे बड़ा राजस्थान विश्वविद्यालय नैक ग्रेड टॉप 100 में अपनी जगह नहीं बना पाया.
मेडिकल केटेगरी में भी एम्स पिछड़ा : इस टॉप 100 की सूची से जोधपुर एम्स बाहर हो गया है, जबकि आईआईटी जोधपुर ने दो अंक सुधारते हुए इस बार 66वीं रैंक हासिल की है. गत वर्ष एम्स को 83वीं रैंक मिली थी. वनस्थली विद्यापीठ भी लगातार दूसरे साल टॉप-100 से बाहर है. वहीं, जोधपुर एनएलयू ने लगातार दूसरी साल भी इसमें भाग नहीं लिया. ओवरऑल रैंकिंग के अलावा मेडिकल कैटेगरी में भी एम्स जोधपुर का प्रदर्शन बहुत खराब रहा है. ओवरऑल कैटेगरी में एम्स जोधपुर टॉप-100 से ही बाहर हो गया. 101 से 150 के बैंड में इसका नाम है. अपनी मेडिकल कैटेगरी में वह तीन पायदान लुढ़क गया. इस बार 19वीं रैंक मिली है. वर्ष 2020 में 13वीं रैंक थी यानी दो साल में छह रैंक नीचे आ गया. टॉप-50 में एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर भी 39वीं रैंक के साथ जगह बनाए हुए है. एसएमएस ने चार रैंक सुधार किया है, जबकि एम्स दिल्ली टॉप पर है. एम्स जोधपुर की और से इस रैंकिंग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है.
जानिए किस कैटेगरी में कौन सी संस्थान हुई शामिल :
- इंजीनियरिंग संस्थान रैंक :इंजीनियरिंग श्रेणी में प्रदेश के 5 संस्थान शामिल हैं. बिट्स पिलानी को 11वीं और IIT जोधपुर को 27वीं रैंक मिली है. गत वर्ष बिट्स पिलानी 20वें और IIT जोधपुर 28वें स्थान पर था. इसके अलावा मालवीय इंस्टीट्यूट जयपुर को 42वीं, मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर को 58 और वनस्थली विद्यापीठ को 71वीं रैंक मिली है.
- मेडिकल संस्थान रैंकिंग :प्रदेश में जोधपुर एम्स और एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर को देश के टॉप 50 मेडिकल इंस्टीट्यूट में जगह मिली है. जोधपुर एम्स का 19वां स्थान है. एम्स की रैंकिंग तीन अंक गिरी है, जबकि एसएमएस मेडिकल कॉलेज का 39वां स्थान है. गत बार 43वीं रैंकिंग थी. इस कैटेगरी में प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों ने भी भागीदारी की थी, लेकिन उन्हें जगह नहीं मिली.
- मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट रैंकिंग :NIRF की 2024 की सूची में आईआईएम उदयपुर को 21वीं रैंक मिली है, जबकि गत बार 22वीं रैंक थी. टॉप 100 की सूची में एमएनआईटी जयपुर को 62वीं, जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट को 74वीं रैंक, मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर को 81वीं और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जोधपुर को 98वीं रैंक मिली है.
- यूनिवर्सिटी लेवल की रैंकिंग :इसमें बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी टॉप 10 में जगह बनाने में कामयाब रहा है. बिट्स पिलानी को 7वीं रैंक मिली है. इसके अलावा मणिपाल यूनिवर्सिटी को 58वीं, वनस्थली विद्यापीठ, वनस्थली को 66वीं और सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान किशनगढ़ को 89वीं रैंक मिली है.
- रिसर्च इंस्टीट्यूट की रैंकिंग :इसमें बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी को 18वीं रैंक मिली है. इसके अलावा मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी ने भी टॉप 50 में अपनी जगह बनाते हुए 50वीं रैंक हासिल की.
- इंजीनियरिंग लेवल की रैंकिंग :बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी को 11वीं, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जोधपुर को 27वीं, मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर को 42वीं, मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर को 58वीं रैंक, वनस्थली विद्यापीठ, वनस्थली को 71वीं रैंक मिली है.
- मैनेजमेंट लेवल की रैंकिंग :इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, उदयपुर को 21वीं, मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर को 62वीं, जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट, जयपुर को 74वीं रैंक, मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर को 81वीं और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी जोधपुर को 98वीं रैंक मिली है.
- फार्मेसी लेवल की रैंकिंग :बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस, पिलानी देश में दूसरे नंबर पर जा पहुंचा है. वनस्थली विद्यापीठ, वनस्थली को 22वीं, सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान, किशनगढ़ को 27वीं, सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी, जयपुर को 39वीं, मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी, उदयपुर को 64वीं और निम्स यूनिवर्सिटी को 79वीं रैंक मिली है.
- लॉ लेवल की रैंकिंग :प्रदेश का एकमात्र इंस्टीट्यूट टॉप 100 में अपनी जगह बना पाया है. जयपुर की मणिपाल यूनिवर्सिटी को 29वीं रैंक मिली है.
- आर्किटेक्चर एंड प्लानिंग की रैंकिंग :मालवीय नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, जयपुर को 12वीं रैंक, मणिपाल यूनिवर्सिटी, जयपुर को 21वीं रैंक मिली है.
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय की ओर से एनआईआरएफ रैंकिंग 2025 जारी कर दी गई है. एनआईआरएफ रैंकिंग में शैक्षणिक संस्थानों की ओवरऑल, यूनिवर्सिटी लेवल, कॉलेज लेवल, रिसर्च इंस्टीट्यूट, इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, फार्मेसी, डेंटल, आर्किटेक्चर, मेडिकल, एग्रीकल्चर, इनोवेशन, ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी, स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी लॉ इंस्टीट्यूट और सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स जैसी 17 रैंकिंग जारी की गई है. इसमें संस्थानों के शिक्षा के स्तर के साथ-साथ फैकल्टी, शोध, प्रोफेशनल प्रैक्टिस, छात्र और शिक्षकों के अनुपाल, परीक्षा के नतीजे और रोजगार जैसे बिंदुओं के आधार पर रैंकिंग तय की गई है. इस रैंकिंग में राजस्थान का कॉलेज, डेंटल इंस्टीट्यूट, एग्रीकल्चर इंस्टीट्यूट, इनोवेशन इंस्टीट्यूट, ओपन यूनिवर्सिटी, स्किल यूनिवर्सिटी, स्टेट पब्लिक यूनिवर्सिटी और सस्टेनेबल डेवलपमेंट गोल्स में कोई भी शैक्षणिक संस्थान टॉप 100 में अपनी जगह नहीं बना पाया.




















