जयपुर: राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) 2025 के दूसरे दिन शनिवार को प्रदेश की उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने बी. एम. बिड़ला कन्वेंशन सेंटर में बी2बी मीटिंग्स और प्रदर्शनी का शुभारंभ किया. इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि पर्यटन के सुविधा विकास कार्यों के लिए 5000 करोड़ रुपए का बजट रखा गया है. उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और प्राइवेट सेक्टर के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा. उपमुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि राजस्थान में अधिक से अधिक पर्यटकों की आवाजाही को बढ़ाना हमारा ध्येय है.
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं का विकास कर रही है. पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी उपाय भी किए जा रहे हैं, जिसके तहत जल्द ही एक विशेष पर्यटक ऐप भी लॉन्च किया जाएगा. उन्होंने मार्केटिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से राजस्थान की ऐतिहासिक धरोहर, कला एवं संस्कृति का संरक्षण और प्रचार-प्रसार करके ही हम पर्यटन क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर सकते हैं.
पीएम मोदी की माताजी पर एआई वीडियो बनाना निंदनीय: कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कांग्रेस की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माताजी पर बनाए गए एआई वीडियो की कड़ी निंदा करते हुए इसे ‘बेहद शर्मनाक और निंदनीय’ कृत्य बताया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार गिरी हुई राजनीति कर रही है, जिसे भारतीय संस्कृति और संस्कारों से कोई लेना-देना नहीं है. वोट के लालच में कांग्रेस ने राजनीति का स्तर बहुत गिरा दिया है. यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और लज्जाजनक है. प्रधानमंत्री की माता जी पूजनीय हैं. मोदीजी के व्यक्तित्व में पूरा योगदान उनकी माताजी का है. उनकी इस तरह एआई जेनरेटेड वीडियो बनाना बहुत गलत है.
कांग्रेस की लोकप्रियता खत्म: उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि कांग्रेस की लोकप्रियता समाप्त हो चुकी है. जनता उन्हें अच्छी तरह समझ चुकी है. इस प्रकार की निम्नस्तरीय राजनीति करना कांग्रेस की हताशा और बौखलाहट को दर्शाता है. कांग्रेस झूठे वीडियो बनाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है. बता दें कि यह आयोजन फैडरेशन ऑफ हॉस्पिटेलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) और राजस्थान पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी का स्वागत पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ और एफएचटीआर के अध्यक्ष कुलदीप सिंह चंदेला ने किया.




















