कुचामनसिटी: डिडवाना जिले में नावां के बवली गुढ़ा और उलाना के बीच रास्ते में बुधवार को एक युवक की लाश पेड़ के पास मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. जैसे ही ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी मिली, बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और नावां पुलिस को सूचना दी गई.
कुचामन सीओ अरविंद विश्नोई ने बताया कि मृतक की पहचान लादूराम पुत्र अमराराम गुर्जर, निवासी बवली (तहसील नावां, जिला डीडवाना-कुचामन) के रूप में हुई है. शव मिलने की सूचना पर नावां पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. इस दौरान कुचामन सीओ अरविंद विश्नोई भी घटना स्थल पर पहुंच घटना की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
मृतक के भतीजे भेरूराम ने बताया कि मेरे चाचा लादूराम को दो दिन पहले फोन पर जान से मारने की धमकी मिली थी और आज शव पेड़ के पास मिला है. परिवारजन इस घटना को हत्या मानते हुए दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है.
प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा. FSL टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है. इस मामले पर समाजसेवी महावीर सिंह ने कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है. प्रशासन से निष्पक्ष जांच करते हुए परिजनों को न्याय देने की मांग की है. प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है. वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे.




















