जयपुर: पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच वीजा और व्यापार बंद हो गया, लेकिन क्रिकेट संबंध जारी हैं. रविवार को दुबई में एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला होगा, जिसका देश भर में विरोध हो रहा है. कांग्रेस भी मैच का विरोध कर रही है. राजस्थान कांग्रेस ने क्रिकेट मैच का विरोध किया. कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अमीन पठान ने इसे लेकर केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा पर हमला बोला. पठान ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार यह मैच इसलिए करा रही है क्योंकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बेटे जय शाह आईसीसी अध्यक्ष हैं.
कांग्रेस खेल प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष अमीन पठान ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि पहलगाम हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से तमाम संबंध खत्म कर दिए. यहां तक कि पानी भी रोक दिया. आज भारत-पाक क्रिकेट मैच है. कोई भी खेल राष्ट्रीय सुरक्षा और शहीदों के सम्मान से बड़ा नहीं हो सकता. पहलगाम हमले के पीड़ित परिवारों पर क्या गुजरेगी जब हमारी टीम दुश्मन देश पाक के साथ क्रिकेट मैच खेलेगी.
पठान ने कहा कि पाक लगातार सीमा पर हमारे सैनिकों को शहीद कर रहा है. हमारे देश में आतंकवाद फैला रहा है. खेल से पहले उसके साथ मजबूती से आतंकवाद से खात्मे पर बात होनी चाहिए, जब हमने वीजा व व्यापार बंद कर दिया, पानी रोक दिया तो फिर खेल क्यों खेला जा रहा है. यह इसलिए खेला जा रहा है क्योंकि अमित शाह के बेटे आईसीसी अध्यक्ष हैं.
भारत ने पहले भी किया खेलों का बहिष्कार: पठान ने बताया कि पहले भी ऐसे कई मामले आए, जब भारत ने पाक से सभी खेल संबंध खत्म किए. 1962 से 1977 तक पाक से तमाम खेल संबंध खत्म कर लिए. 1986 में भी हम नहीं खेले. करगिल युद्ध के बाद भी 1999 में हमने पाक के साथ खेल संबंध खत्म किए. मुंबई अटैक के बाद 2008 में चैंपियनशिप ट्रॉफी का बहिष्कार किया. आज देश में कांग्रेस का शासन होता और क्रिकेट मैच होता तब भाजपा का रुख क्या होता है. पूरे देश में विरोध प्रदर्शन होते. केंद्रीय मंत्री मनोहरलाल खट्टर कह रहे हैं कि खेल और राजनीति को अलग रखना चाहिए, वे इस तरह का बेहूदा बयान दे रहे हैं. आज पहलगाम हमले के पीड़ितों को प्रधानमंत्री मोदी क्या जवाब देंगे. मोदी सरकार और भाजपा को इस पर अपना रूप स्पष्ट करना चाहिए.
कांग्रेस का स्टैंड क्लियर: पठान ने कहा कि इस मामले में कांग्रेस का स्टैंड क्लियर है. हमारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पूरी कांग्रेस ने कड़ा विरोध दर्ज कराया. पहलगाम हमले के बाद कांग्रेस और पूरा विपक्ष मोदी सरकार के साथ खड़ा था, तब केंद्र सरकार ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ट्वीट पर युद्ध विराम कर दिया और अब क्रिकेट मैच भी खेल रहे हैं.
कांग्रेस का आज प्रदर्शन: पठान ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता रविवार शाम 6:30 बजे एसएमएस स्टेडियम के बाहर अमर जवान ज्योति के सामने क्रिकेट मैच के विरोध में प्रदर्शन करेंगे. पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला फूंकेंगे.




















