जयपुर: लोकसभा चुनाव में वोट चोरी को लेकर कांग्रेस देशभर में हमलावर है. वोट चोरी और चुनाव में गड़बड़ी के मामलों में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पिछले दिनों खुलासा करते हुए कई दावे किए थे. इस बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की सर्वे टीम देश की उन कई लोकसभा सीटों पर आंतरिक सर्वे कर रही है, जहां कांग्रेस कम अंतर से चुनाव हारी है. इस अभियान में राजस्थान की जयपुर ग्रामीण और अलवर सीट को भी शामिल किया है, जहां पर केंद्रीय पर्यवेक्षक बूथवार आंकड़ा खंगाल रहे हैं. इसकी रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी जाएगी.
एआईसीसी ने राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल को जयपुर ग्रामीण और अनिल यादव को अलवर लोकसभा सीट की जिम्मेदारी दी है. जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कांग्रेस महज 1615 वोटों से हार गई थी. दिलचस्प यह है कि जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर कांग्रेस 7 विधानसभा सीटों पर आगे रही थी, लेकिन झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस 81 हजार वोटों से भाजपा से पीछे हो गई थी. ऐसे में केंद्रीय पर्यवेक्षक इस सीट का बूथवार आंकड़ा खंगाल रहे हैं कि कहीं यहां वोट चोरी तो नहीं हुई. हाल ही झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में प्रदीप नरवाल ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ वोट चोरी को लेकर एक कार्यशाला भी की थी. कार्यकर्ताओं से बूथवार डेटा लिया गया था. साथ ही यहां बूथ रक्षक भी तैनात किए गए थे.
अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस सभी विधानसभा सीटों पर आगे चल रही थी, लेकिन अलवर शहर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस 53 हजार वोटों से भाजपा से पीछे रह गई थी. अलवर लोकसभा सीट पर कांग्रेस को 48 हजार वोटों से हार का सामना करना पड़ा था. इसी तरह कोटा लोकसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस 41 हजार वोटों से चुनाव हारी थी, तब कांग्रेस ने इस सीट पर भाजपा पर धनबल का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया था. इस सीट पर अगले चरण में पर्यवेक्षक लगाने की बात कही जा रही है.
अलवर शहर में सामने आई गड़बड़ी: मुंडावर से कांग्रेस विधायक और अलवर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे ललित यादव का कहना है कि अलवर शहर में बूथवार डेटा एकत्रित किया जा रहा है. जांच में कुछ गड़बड़ी सामने आई है. कुछ पते (एड्रेस) पर अधिक वोट सामने आए हैं. अभी ज्यादा खुलासा नहीं कर सकते. केंद्रीय पर्यवेक्षक उसकी रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं.
जल्द सौंपेंगे रिपोर्ट: जयपुर ग्रामीण और अलवर लोकसभा सीट के पर्यवेक्षक जल्द ही अपनी बूथवार रिपोर्ट तैयार करके लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सौंपेंगे. उसके बाद राहुल गांधी चुनिंदा सीटों को लेकर खुलासा करेंगे. गौरतलब है कि राजस्थान कांग्रेस के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी हाल ही में एक बयान दिया था कि राजस्थान की जयपुर ग्रामीण, अलवर, कोटा, बीकानेर लोकसभा सीटों पर भी वोटों की चोरी हुई है, इसलिए प्रदेश कांग्रेस अपने स्तर पर इन सीटों के बूथवार आंकड़ों की जांच करेगी.




















