अजमेर : राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से वरिष्ठ अध्यापक ( स्कूल शिक्षा ) प्रतियोगी परीक्षा -2024 का आयोजन 7 से 12 सितंबर 2025 तक निर्धारित शेडयूल के तहत किया जाएगा. परीक्षा के लिए जिले आवंटित परीक्षा तिथि से 7 दिन पहले हो चुके हैं. वहीं, आयोग ने अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र भी वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं.
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा के लिए आयोग को 11.87 हजार के करीब आवेदन प्राप्त हुए थे. बाद में 47 हजार अभ्यार्थियों ने आवेदन वापस ले लिए. उन्होंने बताया कि 7 से 12 सितंबर तक सुबह 10 से 12 बजे और दोपहर 3 से 5:30 बजे तक होगा. परीक्षा के लिए जयपुर जिला मुख्यालय स्थित एक परीक्षा केंद्र में संशोधन भी किया गया है. 1959591 से 1959998 तक के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र परिवर्तित किया गया है. इन रोल नंबर के अभ्यर्थियों का परीक्षा केंद्र जयपुर में आमेर स्थित पीली की तलाई क्षेत्र में श्री बालाजी शिक्षण मंदिर सीनियर सेकंडरी स्कूल रहेगा. बता दें कि परीक्षा 2 हजार 129 पदों के लिए हो रही है. इसमें कुल 11.40 हजार अभ्यर्थी पंजीकृत हैं.
समय रहते करें प्रवेश पत्र डाउनलोड : परीक्षा के लिए 26 दिसंबर 2024 से 24 जनवरी 2025 तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे. आयोग ने ग्रुप ए के अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर कर दिए हैं. मेहता ने बताया कि प्रवेश-पत्र आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध एडमिट कार्ड लिंक के माध्यम से आवेदन-पत्र क्रमांक व जन्म तिथि प्रविष्ट कर डाउनलोड किए जा सकेंगे. इसके अतिरिक्त एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल लिंक से भी प्रवेश-पत्रों को डाउनलोड किया जा सकता है. परीक्षा के लिए आने से पहले प्रवेश पत्र पर दिए गए दिशा निर्देशों का अभ्यर्थी अवश्य अवलोकन कर लें.
परीक्षा में 10 मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा : उन्होंने बताया कि परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने के लिए 10 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा. परीक्षा के प्रवेश पत्र परीक्षा दिनांक से तीन दिन पूर्व आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे. लिहाजा अभ्यर्थी समय पर प्रवेश पत्र डाउनलोड कर लें. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
60 मिनट पहले पहुंचे अभ्यर्थी : उन्होंने बताया कि परीक्षा केन्द्र पर किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा प्रारंभ होने के 60 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश दिया जाएगा. इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा. लिहाजा अभ्यर्थी परीक्षा के दिन प्रत्येक परीक्षा सत्र में परीक्षा केंद्र पर प्रवेश के लिए नियत समय से पर्याप्त समय पूर्व परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक रूप से उपस्थित हो जाएं ताकि सुरक्षा जांच एवं पहचान का कार्य समय पर पूर्ण हो सके. देरी से आने पर तलाशी में समय लगने के कारण परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं.
पहचान के लिए लाने होंगे यह दस्तावेज : अभ्यर्थियों को पहचान के लिए परीक्षा केंद्र पर मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) लेकर उपस्थित होना होगा. यदि मूल आधार कार्ड पर फोटो पुरानी या अस्पष्ट है तो अन्य मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र मसलन मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस जिसमें रंगीन एवं नवीनतम स्पष्ट फोटो को लेकर परीक्षा केंद्र पर उपस्थित हों. इसके साथ ही अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र पर भी नवीनतम रंगीन फोटो ही चस्पा करना सुनिश्चित करें. स्पष्ट मूल फोटो युक्त पहचान-पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा. अभ्यर्थी प्रवेश-पत्र के साथ जारी आवश्यक अनुदेशों का अवलोकन अवश्य कर लें.
अभ्यर्थी बहकावे में न आएं : आयोग की ओर से आयोजित परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी किसी दलाल, मीडिएटर, समाजकंटक या अपराधी के बहकावे में न आएं. यदि कोई परीक्षा में पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग या अन्य कोई प्रलोभन व झांसा देता है तो प्रमाण सहित इस संबंध में जांच एजेंसी एवं आयोग कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212 एवं 2635255 पर सूचित करें. परीक्षा में अनुचित साधन अपनाए जाने एवं अनुचित कृत्यों में संलिप्त होने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दण्डित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क कर जब्त की जा सकती है.




















