धौलपुर : एनएच 123 पर शनिवार तड़के खाटू श्याम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरे ट्रैक्टर ट्रॉली को पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी. दुर्घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई है और करीब 18 श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं. इन्हें स्थानीय सैपऊ थाना पुलिस ने राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया है. पांच श्रद्धालुओं की नाजुक स्थिति होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है. सभी मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं.
एएसआई अजय सिंह ने बताया हादसा शनिवार तड़के सैपऊ बाईपास स्थिति कदम खंडी हनुमान जी मंदिर के पास हुआ है. ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार महिला पुरुष और बच्चे खाटू श्याम दर्शन कर मध्य प्रदेश जा रहे थे. ट्रैक्टर ट्रॉली को हाईवे किनारे खड़ा कर कुछ लोग लघु शंका के लिए चले गए थे. इसी दौरान भरतपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी. इस घटना से मौके पर चीख पुकार मच गई. स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सैपऊ सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया. उपचार के दौरान एक व्यक्ति यादराम ने दम तोड़ दिया है.
करीब पांच घायलों की नाजुक हालत होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर जिला अस्पताल रेफर किया है. 12 से अधिक घायलों का सीएचसी पर उपचार किया जा रहा है. उन्होंने बताया मृतक की डेड बॉडी को कब्जे में लेकर मुर्दाघर में रखवा दिया है. परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा. दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है. मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह हुए घायल :
- नरेंद्र कोली (45) पुत्र बेजो निवासी ग्वालियर
- सोनाली (7) वर्ष पुत्री प्रहलाद निवासी दतिया
- विनोद (30) पुत्र सुरेश निवासी मुरैना मध्य प्रदेश
- मनोज (28) पुत्र पूरन निवासी ग्वालियर
- रेनू (30) पत्नी पुनीत
- मंजू (20) पुत्री सुरेश निवासी ग्वालियर
- सोमता (25) पत्नी मनोज निवासी ग्वालियर
- सोनू (30) पुत्र चकराय निवासी मुरैना
- आरती (21) पुत्री राम रतन निवासी ग्वालियर
- बबलू (27) पुत्र सुरेश निवासी ग्वालियर
- मयंक (5) निवासी ग्वालियर घायलों में शामिल हैं.




















