बालोतरा : राजस्थान के बालोतरा जिले में आवारा सांड ने राह चलते एक बुजुर्ग मिठाई विक्रेता की जान ले ली. घर से निकालकर बाहर जा रहे बुजुर्ग को पीछे से एक आवारा सांड ने सींग मारते हुए करीब 5 फीट तक ऊपर उछाल कर सड़क पर पटक दिया. अस्पताल ले जाते समय बुजुर्ग की मौत हो गई. यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.
यह रविवार शाम की घटना है. सांड ने एक व्यक्ति को सींग मारकर पटका था. इसके बाद उन्हें हॉस्पिटल ले गए थे. वहां से जोधपुर रेफर किया गया था. इस दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
प्रत्यक्षदर्शी पड़ोसी जितेंद्र के अनुसार बालोतरा शहर निवासी बुजुर्ग मिठाई विक्रेता मोतीलाल रविवार दोपहर को अपने घर खाना खाने के लिए आए थे. घर में आराम करने के बाद शाम को करीब 4 बजे वह वापस अपनी दुकान पर लौट रहे थे. पैदल-पैदल घर से कुछ दूर ही पहुंचे थे कि इस दौरान एक आवारा सांड ने पीछे से उनको सींग मारकर करीब 5 फीट ऊपर उछालकर सड़क पर जोरदार पटक दिया. इसके बाद आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया. यहां से उन्हें रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई.




















