
मोमासर : चंग प्रतियोगिता में पाबूसर विजयी, घिन्दड़ नृत्य चला सुबह तक
मोमासर में होली उत्सव धूमधाम से मनाया गया इस दौरान रविवार को दोपहर पश्चात चंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चंग प्रतियोगिता में डेढ़ दर्जन से अधिक टीमों ने भाग लिया जिसमे विजेता रही टीम पाबूसर को 31000 का नगद पुरुस्कार दिया गया। दूसरे स्थान पर रही पातलीसर की टीम को 21000 और तीसरे स्थान पर रही गोमटिया की टीम को 11000 का नगद पुरुस्कार दिया गया। इसके अलावा बाहर से आई सभी टीमों को 2100 रु सांत्वना पुरुस्कार के दिए गए। कार्यक्रम का आयोजन सुरवि चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा किया गया। इस दौरान कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए पूर्व भाजपा देहात अध्यक्ष ताराचंद सारस्वत, आरएलपी नेता विवेक माचरा, आशीष जाडीवाल, विक्रम सिंह पंवार आदि भी मोमासर पहुंचे। कार्यक्रम में दौरान भामाशाह सुरेंद्र पटावरी और उनके साथ आए मेहमानों ने भी चंग की धाप का आंनद लिया।
इसके बाद रात्रि में आयोजित घिन्दड़ नृत्य के आयोजन में 8 साल बच्चे से लेकर 80 साल के बुजुर्ग तक नगाड़े की थाप पर एक साथ नृत्य करते नजर आए। घिन्दड़ नृत्य में रसियों को अलग अलग स्वांग में देखा गया। इस दौरान घिन्दड़ नृत्य करने वालों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था उपसरपंच जुगराज संचेती द्वारा की गयी। घिन्दड़ नृत्य सुबह तक चला।