कोटा: मेडिकल काउंसिल कमेटी (MCC) के दूसरे राउंड की काउंसलिंग 4 सितंबर से शुरू होगी. इसी बीच नेशनल मेडिकल कमिश्नर (NMC) ने 16 नए मेडिकल कॉलेज को लेटर ऑफ परमीशन (LoP) जारी कर दिया. इनमें एमबीबीएस की 1000 नई सीट्स हैं. इन मेडिकल कॉलेज में राजस्थान के टोंक और जैसलमेर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज शामिल हैं. दोनों में 50-50 एमबीबीएस सीट हैं. इसके अलावा पहले से संचालित देश के 23 सरकारी मेडिकल कॉलेज में 970 एमबीबीएस सीटें बढ़ गई. साथ ही 9 डीम्ड यूनिवर्सिटी में भी 500 एमबीबीएस सीट बढ़ गई.
निजी कोचिंग संस्थान के करियर काउंसलिंग एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि तीनों को मिलाकर 2470 एमबीबीएस की सीट्स बढ़ी है. पहले जहां 780 मेडिकल कॉलेज में 1,18,148 एमबीबीएस सीट थी. 16 नए मेडिकल कॉलेज बढ़ गए. इनमें 1000 सीट बढ़ी है. पुराने 23 कॉलेज में 970 सीट बढ़ गई है. अब कुल मिलाकर देश में 1,20,618 सीट हो गई. मेडिकल कॉलेज में पढ़ने की इच्छा रखने वाले नीट यूजी के कैंडिडेट को फायदा मिलेगा.
सेंट्रल काउंसलिंग में जुड़ेगी महज 295 सीट: एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने कहा कि नई सरकारी और पुराने मेडिकल कॉलेज में सीट्स बढ़ने से ऑल इंडिया 15 फीसदी कोटा और डीम्ड यूनिवर्सिटी की 100 फीसदी सीट पर एमसीसी सेकंड राउंड में काउंसलिंग कराई जाएगी. इनमें सरकारी मेडिकल कॉलेज की सीट करीब 295 रहेगी. इनमें डीम्ड यूनिवर्सिटी की 500 सीट बढ़ेगी. शेष 2175 सरकारी मेडिकल कॉलेज में बढ़ी सीट स्टेट कोटा काउंसलिंग के तहत एलॉट की जाएगी. यह अलग-अलग स्टेट स्टेटस की है.
कर्नाटक में 400 तो आंध्र प्रदेश में 30 की बढ़ोतरी: देश के 16 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज की बात की जाए तो ओडिशा, राजस्थान, केरल और मध्यप्रदेश से 2-2 नए मेडिकल कॉलेज हैं. असम, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, मेघालय, पंजाब, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश से एक-एक मेडिकल कॉलेज इस सूची में जुड़ा है. नए खुले मेडिकल कॉलेज के साथ पुराने मेडिकल कॉलेज में भी सीट बढ़ोतरी हुई है. सबसे ज्यादा सरकारी सीट इस बार कर्नाटक में 400 बढ़ी है. इसके बाद मध्यप्रदेश में 275, ओडिशा में 200, जम्मू कश्मीर में 190 व असम में 175 सीटें बढ़ी है. पंजाब, केरल और राजस्थान में 100-100, पश्चिम बंगाल व तेलंगाना में 75-75, दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, मेघालय और उत्तर प्रदेश में 50-50 सीट बढ़ी है. सबसे कम सरकारी सीट्स आंध्र प्रदेश में 30 बढ़ी है.
किस राज्य में कितनी सरकारी सीट बढ़ी
| मेडिकल कॉलेज | सीट |
| कर्नाटक | 400 |
| मध्य प्रदेश | 275 |
| ओडिशा | 200 |
| जम्मू कश्मीर | 190 |
| असम | 175 |
| राजस्थान, पंजाब व केरल | 100 |
| पश्चिम बंगाल व तेलंगाना | 75 |
| दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, मेघालय, उत्तर प्रदेश व आंध्र प्रदेश | 30 |




















