कोटा : राजस्थान में NEET UG परिणाम के आधार पर स्टेट कोटा की 85 फीसदी काउंसलिंग प्रक्रिया आज यानी सोमवार से शुरू हो जाएंगे. राजस्थान डेंटल मेडिकल काउंसलिंग बोर्ड ने पहले राउंड के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है. कैंडिडेट्स को रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 1 अगस्त तक पूरी करनी होगी, जिसके बाद चॉइस फिलिंग की प्रक्रिया शुरू होगी. पूरी प्रक्रिया राजस्थान नीट यूजी 2025 काउंसलिंग बोर्ड की ऑफिसियल वेबसाइट www.rajugneet2025.com पर होगी.
निजी कोचिंग संस्थान के एजुकेशन एक्सपर्ट पारिजात मिश्रा ने बताया कि पहले राउंड के लिए कैंडिडेट्स को 5 से 7 अगस्त के बीच चॉइस फिलिंग प्रक्रिया करनी होगी. उनकी भरी गई चॉइस लॉक नहीं करने पर रात 11:45 पर ऑटो लॉक हो जाएगी. इसके बाद कैंडिडेट अपने पूरे सब्मिटेड ऑनलाइन एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट 8 अगस्त से ले पाएंगे. इसके बाद 10 अगस्त को सीट अलॉटमेंट का परिणाम जारी होगा. जिसे 14 अगस्त तक प्रिंट कर सकेंगे. दूसरी तरफ कैंडिडेट्स को रिपोर्टिंग के लिए 10 से 14 अगस्त के बीच एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर के एकेडमिक ब्लॉक में ओरिजिनल डॉक्यूमेंट और सिक्योरिटी डिपाजिट स्लिप के साथ उपस्थित होना पड़ेगा. इसके साथ सोमवार को ही काउंसलिंग बोर्ड राज्य कोटे की एमबीबीएस व बीडीएस कोर्सेज के लिए सीट मैट्रिक्स प्रत्येक श्रेणी अनुसार भी जारी करेगा. पारिजात मिश्रा ने बताया कि जारी की गई सूचना के अनुसार कैंडिडेट्स को चॉइस फिलिंग प्रोसेस के साथ सिक्योरिटी डिपॉजिट जमा भी करना होगा. जिसे कैंडिडेट्स डेबिट- क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग व यूपीआई से कर सकते है.
कैंडिडेट्स को ध्यान में रखने वाली अहम तिथियां:-
- चॉइस लॉकिंग: 5-7 अगस्त
- ऑनलाइन एप्लीकेशन का प्रिंट लेना: 8 अगस्त से
- सीट अलॉटमेंट परिणाम: 10 अगस्त
- सीट अलॉटमेंट प्रिंट निकालना: 14 अगस्त तक
- रिपोर्टिंग: 10-14 अगस्त, एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर
वीरिफिकेशन प्रक्रिया: मिश्रा ने बताया कि 2 अगस्त को काउंसलिंग बोर्ड स्टेट मेरिट लिस्ट के साथ पीडब्लूडी, डिफेंस, पैरामिलिटरी और एनआरआई कैंडिडेट्स की लिस्ट भी जारी करेगा. इन कैंडिडेट्स को 4 अगस्त से एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर में ओरिजिनल दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से वेरिफिकेशन करवाना होगा. इसमें 4 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से यह प्रक्रिया शुरू होगी. इस वेरिफिकेशन के बाद कैंडिडेट की फाइनल मेरिट लिस्ट 5 अगस्त को जारी होगी.
यह रहेगी कॉलेज के अनुसार सिक्योरिटी डिपॉजिट : पारिजात मिश्रा ने बताया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों, सरकारी सोसाइटी मेडिकल कॉलेजों, आरयूएचएस सीएमएस, ईएसआईसी एमसी में सरकारी सीट (एमबीबीएस कोर्स) चुनने वाले जनरल, ईडब्ल्यूएस, एससी-एसटी, एसटी-एसटीए, ओबीसी, एमबीसी कैंडिडेट के लिए 50 हजार रुपए रहेगी. सरकारी सोसाइटी कॉलेजों और आरयूएचएस सीएमएस में मैनेजमेंट सीट (एमबीबीएस) चुनने वाले उम्मीदवार के लिए 2 लाख रुपए होगी. सरकारी कॉलेजों, सरकारी सोसाइटी कॉलेजों और आरयूएचएस सीएमएस में एनआरआई सीट (एमबीबीएस) चुनने वाले उम्मीदवार के लिए 5 लाख रुपए रहेगी. निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए 5 लाख रुपए होगी. सरकारी व निजी डेंटल कॉलेज में बीडीएस कोर्स चुनने वाले उम्मीदवारों के लिए 10 हजार रुपए रहेगी.
पारिजात मिश्रा ने बताया कि जारी की गई सूचना के अनुसार कैंडिडेट्स जिन्होंने सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में 2 और 5 लाख रुपए जमा करवाएं जाने से सभी कैंडिडेट्स स्वचालित रूप से सरकारी मेडिकल, डेंटल कॉलेज, सरकारी सोसाइटी मेडिकल कॉलेज, आरयूएचएस व आरयूएचएस डेंटल साइंसेज, ईएसआईसी और निजी डेंटल कॉलेज के लिए विकल्प भरने के लिए पात्र होंगे.
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया (दो चरणों में):-
- चरण 1: कैंडिडेट को बेसिक रजिस्ट्रेशन करना होगा.
- चरण 2: बेसिक रजिस्ट्रेशन के बाद कैंडिडेट को अपना रजिस्ट्रेशन पार्ट-2 पूरा करना होगा.
- कैंडिडेट्स को 1 अगस्त 2025 शाम 4 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरना होगा.
- रजिस्ट्रेशन फीस जमा इसी समय सीमा तक जमा होगी.
- कैंडिडेट को रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी नहीं करेंगे तो उन्हें काउंसलिंग की चॉइस फिलिंग और सीट अलॉटमेंट की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा.
- रजिस्ट्रेशन की फीस: जनरल, ईडब्लूएस, ओबीसी नॉन क्रीमी लेयर के लिए 2500 रुपए फीस.
- रजिस्ट्रेशन फीस: अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जनजाति ट्राइबल के लिए 1500 रुपए फीस.
—-
सिक्योरिटी डिपॉजिट का विवरण:-
- सरकारी मेडिकल कॉलेज (एमबीबीएस): 50,000 रुपए
- सरकारी सोसाइटी और आरयूएचएस में मैनेजमेंट सीट (एमबीबीएस): 2 लाख रुपए
- एनआरआई सीट (एमबीबीएस): 5 लाख रुपए
- निजी मेडिकल कॉलेज (एमबीबीएस): 5 लाख रुपए
- सरकारी व निजी डेंटल कॉलेज (बीडीएस): 10 हजार रुपए




















