जयपुर: शनिवार को राजस्थान विश्वविद्यालय में रैगिंग का एक मामला सामने आया. विज्ञान भवन में स्थित केमिस्ट्री डिपार्टमेंट में 35 छात्रों को कमरे में बंद कर उनके सीनियर्स की ओर से रैगिंग ली गई. केमिस्ट्री डिपार्टमेंट फर्स्ट सेमेस्टर के छात्रों ने थर्ड सेमेस्टर के स्टूडेंट्स पर एक सप्ताह तक रैगिंग लेने का आरोप लगाया है. शनिवार को मामले ने तूल पकड़ा और रैगिंग के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के छात्रों ने प्रोटेस्ट भी किया. साथ ही हेड ऑफ़ डिपार्मेंट का घेराव करते हुए आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
पूरे मामले को लेकर हेड ऑफ़ द डिपार्टमेंट मीनाक्षी जैन ने स्पष्ट किया कि फर्स्ट सेमेस्टर के छात्रों की बात को सुना गया है. एंटी रैगिंग कमेटी को भी बुलाया गया है. मामले की पूरी जांच की जाएगी और शिकायत सही पाए जाने पर कार्रवाई भी की जाएगी.
राजस्थान विश्वविद्यालय में रैगिंग करने वाले छात्र छात्राओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के प्रावधान है. कैंपस, हॉस्टल, कैंटीन और लाइब्रेरी सभी जगह पर इस संबंध में निगरानी रखने के लिए एंटी रैगिंग कमेटी का भी गठन किया गया है. जिसमें डीन स्टूडेंट वेलफेयर, चीफ प्रॉक्टर, चीफ वार्डन पुरुष/ महिला, एसजीआरसी अध्यक्ष, डिप्टी रजिस्ट्रार सहित कुछ प्रोफेसर्स को भी शामिल किया गया है. बावजूद इसके शनिवार को विश्वविद्यालय के केमिस्ट्री डिपार्टमेंट से रैगिंग का एक बड़ा मामला सामने आया. चौंकाने वाली बात ये थी कि सीनियर छात्रों की ओर से जूनियर्स की एक सप्ताह से रैगिंग ली जा रही थी.
पीड़ित छात्रों ने बताया कि करीब 35 छात्रों को नियमित रूप से कमरा बंद करके कभी डांस करवाया जाता, तो कभी सिंगिंग. इंट्रो के नाम पर उनकी रैगिंग ली जाती थी. डांस और सिंगिंग नहीं आने पर उनसे दूसरी एक्टिविटीज कराई जा रही थी. इस संबंध में छात्रों ने एबीवीपी के कार्यकर्ताओं को जानकारी दी. इस पर एबीवीपी छात्र संगठन की ओर से शनिवार को विज्ञान भवन पहुंच वास्तविक स्थिति का पड़ताल की. उसके बाद हेड ऑफ डिपार्टमेंट का घेराव करते हुए उनसे संबंधित थर्ड सेमेस्टर के छात्रों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. एबीवीपी के छात्र नेता धर्मेंद्र शर्मा ने कहा कि जब तक आरोपी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. वहीं रोहित मीणा ने कहा कि विश्वविद्यालय में एंटी रैगिंग कमेटी बनी हुई है, बावजूद इसके छात्र प्रताड़ित हो रहे हैं.




















