कोटा: राजस्थान में स्टेट मेडिकल डेंटल काउंसलिंग बोर्ड की तरफ से प्रदेश के मेडिकल और डेंटल कॉलेज में प्रवेश के लिए काउंसलिंग चल रही है. इसी क्रम में सभी मेडिकल कॉलेज ने अपनी फीस का जिक्र किया है जिसे वेबसाइट पर अपलोड भी कर दिया गया है. इसके अनुसार प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेज में फीस पांच प्रतिशत बढ़ गई है.
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि नियमों के मुताबिक हर साल 5 फीसदी फीस बढ़ाई जाती है. वेबसाइट पर दी गई फीस की जानकारी के अनुसार 4.60 लाख में सरकारी एमबीबीएस सीट पर एमबीबीएस की पूरी पढ़ाई हो जाएगी, जबकि सरकारी मेडिकल कॉलेज की मैनेजमेंट सीट पर एमबीबीएस की फीस 45 लाख है. वहीं, सरकारी मेडिकल कॉलेज में एनआरआई सीट पर 1.45 करोड़ से 1.60 करोड़ तक है.
प्राइवेट कॉलेज की फीस: देव शर्मा ने बताया कि निजी मेडिकल कॉलेज में स्टेट नेचर की सीट पर 90 लाख से डेढ़ करोड़ में एमबीबीएस होगी, जबकि मैनेजमेंट सीट पर यह फीस 1.23 से 1.65 करोड़ रुपए के बीच रहेगी. हालांकि, यह फीस केवल बच्चों को पढ़ाई के लिए देनी होगी. इसके अलावा हॉस्टल और इलेक्ट्रिसिटी का चार्ज अलग-अलग मेडिकल कॉलेज में अलग-अलग है. इसमें भी 5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है. इसी तरह से हॉस्टल्स की बात की जाए तो सरकारी मेडिकल कॉलेज में हर साल बच्चों को पानी और बिजली के लिए 13,673 रुपए शुल्क देना होगा. इसके अलावा सिंगल ऑक्युपेंसी का हॉस्टल 39,083, डबल ऑक्युपेंसी का हॉस्टल 31,339 और ट्रिपल ऑक्युपेंसी में 25,410 रुपए सालाना शुल्क देना होगा. बीते साल से इन सभी में 5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है.
एनआरआई कैटेगरी की फीस में बढ़ोतरी: देव शर्मा का यह कहना है कि कोटा, अजमेर, उदयपुर और आरयूएचएस जयपुर ने एनआरआई कैटेगरी की फीस में बढ़ोतरी बीते साल से कर दी है, जबकि शेष 23 मेडिकल कॉलेज ने एनआरआई की फीस में अभी कोई बढ़ोतरी नहीं की है. ऐसे में हो सकता है आने वाले समय में इस फीस में भी बढ़ोतरी हो जाए. जारी की गई फीस में साफ जिक्र किया गया है कि बीते साल की ट्यूशन फीस 36,465 यूएस डॉलर थी, जिसमें बढ़ोतरी नहीं की गई है, जबकि पुराने मेडिकल कॉलेजों में ट्यूशन फीस बढ़ाकर 38,288 यूएस डॉलर की गई है. ट्यूशन फीस के अलावा शेष अन्य सभी तरह की शुल्क सरकारी और मैनेजमेंट विद्यार्थियों की शुल्क के बराबर ही रहती है, केवल ट्यूशन फीस ही अलग होती है.
राजमेस के कॉलेज में यह रहेगी फीस
- राजमेस सोसायटी के जरिए चल रहे 23 गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में सरकारी सीट पर 1,25,246 रुपए फीस है, जबकि इन बच्चों को अगले साल से 96,029 रुपए सालाना देने होंगे. सरकारी मेडिकल कॉलेज की सीट पर पूरी एमबीबीएस की फीस 4.61 लाख रुपए है.
- राजमेस के ही कॉलेज में मैनेजमेंट सीट पर फीस 10,12,097 रुपए है, जबकि इन बच्चों को अगले साल से 9,82,880 देने होंगे. एमबीबीएस की पूरी फीस इन विद्यार्थियों को 44.52 लाख रुपए देनी होगी.
- राजमेस के ही कॉलेज में एनआरआई सीट पर कैंडिडेट को 32,54,798 रुपए एडमिशन के समय देने होंगे, जबकि आने वाले साल में उसकी फीस 32,25,581 रुपए सालाना रहेगी. ऐसे में एनआरआई सीट पर एमबीबीएस की फीस 1.45 करोड़ के आसपास है.
- इनमें सीकर, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर, धौलपुर, बूंदी, दौसा, अलवर, करौली, हनुमानगढ़, झुंझुनू, नागौर, सवाई माधोपुर, बारां, बांसवाड़ा, भीलवाड़ा, डूंगरपुर, पाली, आरयूएचएस जयपुर, सिरोही, बाड़मेर, झालावाड़, चुरू व भरतपुर शामिल है.
पुराने सरकारी मेडिकल कॉलेज की यह रहेगी फीस
- पुराने 6 मेडिकल कॉलेज की बात की जाए तो इनमें एमबीबीएस की सालाना फीस 1,25,300 रुपए है, जबकि अगले साल से स्टूडेंट को 96,100 रुपए देने होंगे. पूरी एमबीबीएस की फीस यहां पर 4.61 लाख रुपए है. इन कॉलेज में जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, कोटा व उदयपुर आ रहे हैं.
- ईएसआईसी अलवर मेडिकल कॉलेज में फीस 1.10 लाख सालाना है, जबकि अगले साल से इन विद्यार्थियों को 1.05 लाख रुपए देना होगा. यहां पर पूरी एमबीबीएस 4.77 लाख रुपए में होगी.
झालावाड़ में सबसे महंगी एनआरआई फीस: देव शर्मा ने बताया कि अजमेर, उदयपुर, कोटा और आरयूएचएस जयपुर में एनआरआई सीट पर फीस 34,14,687 रुपए एडमिशन के समय है. अगले साल से 33,85,497 रुपए देने होंगे. इन कॉलेजों में सालाना एमबीबीएस की फीस 1.53 करोड़ है, जबकि झालावाड़ मेडिकल कॉलेज में एनआरआई सीट पर फीस 35,74,708 रुपए है. अगले साल से 35,45,491 रुपए रहेगी. पूरी एमबीबीएस की फीस 1.60 करोड़ के आसपास होगी.
निजी मेडिकल कॉलेज में 90 से 1.65 करोड़ फीस: निजी मेडिकल कॉलेज में स्टेट नेचर की एमबीबीएस सीट पर सबसे कम फीस 21.85 लाख है, जबकि अगले साल से इन विद्यार्थियों को 19.25 लाख सालाना देने होंगे. ऐसे में 90 लाख रुपए में इनकी एमबीबीएस सबसे कम फीस में हो सकती है. निजी मेडिकल कॉलेज में स्टेट नेचर की सीट पर सबसे ज्यादा फीस की बात की जाए तो यह 35.97 लाख रुपए है. इसमें विद्यार्थियों को अगले साल से 32.37 लाख रुपए देने होंगे. ऐसे में 1.50 करोड़ में एमबीबीएस निजी मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा फीस पर होगी.
वहीं, निजी मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट सीट पर सबसे कम फीस 29.75 लाख रुपए है, जबकि इन विद्यार्थियों को अगले साल से 26.75 लाख रुपए देने होंगे. ऐसे में पूरी एमबीबीएस 1.23 करोड़ में होगी. वहीं, मेडिकल कॉलेज में मैनेजमेंट सीट फॉर एमबीबीएस की सबसे ज्यादा फीस 42.50 लाख रुपए है, जबकि विद्यार्थियों को अगले साल से 35 लाख देने होंगे, यानी इन मैनेजमेंट सीट पर सबसे अधिक में एमबीबीएस 1.65 करोड़ में होगी.




















