झालावाड़ : पीपलोदी गांव में हुए स्कूल हादसे के बाद अब बच्चों का जीवन फिर से सामान्य होता दिख रहा है. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल और शिक्षा विभाग की संवेदनशीलता के चलते अब स्कूल दोबारा खुल चुका है और बच्चे उत्साह और उम्मीद के साथ फिर से पढ़ाई में जुट गए हैं. हादसे में घायल बच्चे अब पूरी तरह स्वस्थ होकर स्कूल लौट आए हैं. कुछ बच्चों को अपने पुराने दोस्तों की कमी जरूर महसूस हो रही है, लेकिन वे नए दोस्त बनाने को उत्सुक हैं. स्कूल की कक्षाओं में अब फिर से ‘क, ख, ग…’ और ‘1, 2, 3…’ की आवाजें गूंज रही हैं.
स्कूल में नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू हो गया है. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा ने बताया कि हादसे के बाद चार शिक्षकों को विशेष रूप से तैनात किया गया है, जिन्होंने गांव में जाकर बच्चों की काउंसलिंग की और उन्हें दोबारा स्कूल से जोड़ने में अहम भूमिका निभाई.




















