अजमेर: राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से कृषि विभाग के लिए विज्ञापित की गई विभिन्न पदों की परीक्षाओं में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, फोटो, जन्म तिथि व जेंडर के अतिरिक्त अन्य संशोधन ऑनलाइन करने का अवसर दिया गया है. ऑनलाइन संशोधन 6 से 12 अगस्त 2025 तक किए जा सकेंगे. इस संबंध में विस्तृत सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है.
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि भर्ती अंतर्गत सहायक कृषि अधिकारी, सांख्यिकी अधिकारी, कृषि अनुसंधान अधिकारी और सहायक कृषि अनुसंधान अधिकारी के पदों के लिए परीक्षा का आयोजन 12 से 19 अक्टूबर 2025 तक निर्धारित कार्यक्रमानुसार किया जाना प्रस्तावित है. परीक्षा के लिए जारी विज्ञापन में दी गई शर्तों के अनुसार ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों को दिया गया है. मेहता ने बताया कि ऑनलाइन संशोधन का अवसर अभ्यर्थियों के लिए सुविधा मात्र है. परीक्षा के लिए जारी विज्ञापन में दी गई पात्रता की शर्तों के अनुरूप ही संशोधन मान्य होंगे. विज्ञापन की शर्तें पूर्वानुसार ही रहेंगी. ऑफलाइन संशोधन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.
ऑनलाइन संशोधन के लिए शुल्क व प्रक्रिया : मेहता ने बताया कि संशोधन चाहने वाले अभ्यर्थी को ई-मित्र, ऑनलाइन बैंकिंग के माध्यम से 500 रुपये का शुल्क जमा कराना होगा. आयोग के ऑनलाइन पोर्टल https://rpsc.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध एप्लाई ऑनलाइन लिंक या एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर सिटीजन ऐप्स में उपलब्ध रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर संबंधित परीक्षा में ऑनलाइन संशोधन किया जा सकेगा. इस संबंध में किसी प्रकार की तकनीकी कठिनाई होने पर recruitmenthelpdesk@rajasthan.gov.in पर ई-मेल से या फोन नं. 9352323625 व 7340557555 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है.
आवेदन करने वाले अपात्र अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन विथड्रॉ : उन्होंने बताया कि असत्य एवं गलत सूचना के आधार पर आवेदन करना या अहर्ता न होने पर भी उसे विथड्रॉ नहीं करना भारतीय न्याय संहिता की धारा 217 के तहत दंडनीय अपराध है. ऐसे अभ्यर्थी को कालांतर में काउंसलिंग, पात्रता जांच, साक्षात्कार के दौरान अपात्र पाए जाने पर आगामी 1 वर्ष की अवधि के लिए भर्ती परीक्षाओं से डिबार भी किया जाएगा. लिहाजा ऐसे अभ्यर्थी भी निर्धारित अवधि के दौरान अपना ऑनलाइन आवेदन विथड्रॉ कर सकते हैं. इसके लिए एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर रिक्रूटमेंट पोर्टल का चयन कर माय रिक्रूटमेंट सेक्शन के अन्तर्गत संबंधित परीक्षा के समक्ष उपलब्ध विथड्रॉ बटन पर क्लिक कर ऑनलाइन आवेदन विथड्रॉ किया जा सकता है.
दो परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की वन टाइम रजिस्ट्रेशन सुविधा होगी ब्लॉक : उन्होंने बताया कि कार्मिक (क-2) विभाग की ओर से जारी परिपत्र के क्रम में एक वित्तीय वर्ष में आयोजित की गई किसी भी 2 परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की वन टाइम रजिस्ट्रेशन सुविधा ब्लॉक की जायेगी, जिसके तहत किसी भी 2 परीक्षाओं में अनुपस्थित रहने पर राशि 750 रुपये एवं इसके बाद दोबारा उसी वित्तीय वर्ष की 2 और परीक्षाओं में अनुपस्थित होने पर राशि रुपये 1500 रुपये के भुगतान बाद ही सुविधा दोबारा बहाल की जाएगी. लिहाजा, ऐसे अभ्यर्थी भी जो किसी कारणों से परीक्षा देने के इच्छुक नहीं हैं. वह निर्धारित अवधि और प्रक्रिया अनुसार अपना ऑनलाइन आवेदन-पत्र विथड्रॉ कर सकते हैं.




















