जोधपुर: जिले में बारिश का अलसुबह से दौर लगातार जारी है. शनिवार सुबह राव जोधा रोड रावटी स्थित तालाब में तीन युवक नहाने उतरे थे. दो बाहर आ गए, एक नहीं आया. एसीपी रवींद्र बोथरा ने बताया कि युवक का शव नजर नहीं आया है. शव ढूंढने के लिए सिविल डिफेंस को बुलाया है. वहीं सवाई माधोपुर में एक 4 साल का बच्चा तेज गति से बह रहे नाले में बह गया.
जोधपुर के स्थानीय मौसम विभाग ने सुबह 8:30 बजे तक के 24 घंटे में 60 एमएम से ज्यादा बारिश जोधपुर में दर्ज की है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को भी सुबह बारिश की संभावना जताई है. 21 जुलाई को काफी बादल छाए रहेंगे, तो 22 जुलाई को सुबह तेज हवाओं के साथ बादल रहेंगे और 23 जुलाई को सुबह के समय तूफानी बारिश की संभावना है. विभाग की चेतावनी के बाद से जोधपुर जिला प्रशासन भी अलर्ट है. जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों और ग्रामीण क्षेत्र के उपखंड अधिकारियों को क्षेत्र में बने रहने के निर्देश दिए हैं. जोधपुर शहर के बनाड़ रोड पाल रोड बसनी भीतरी शहर के इलाकों में जगह-जगह पर जलभराव हो गया.
बारिश के बीच बाइक सवार को कुचला: जोधपुर पाली हाइवे नेशनल पर निजी बस ने मोटरसाइकिल सवार को कुचल दिया. जिससे युवक की मौत हो गई. शहर के तकिया चांद सा इलाके में स्थित यूनियन बैंक आफ इंडिया की फाल सीलिंग गिर गई. सुबह जब कर्मचारी पहुंचे, तो सीलिंग गिरी हुई मिली. गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी.
स्कूल के रास्ते में भरा पानी, छात्र परेशान: बारिश के चलते लूणी क्षेत्र में सर्वाधिक जलभराव की जानकारी सामने आ रही है. बानियावास स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की स्थिति चिंताजनक है. उनके स्कूल के रास्ते में जगह-जगह पानी भरा हुआ है. बरसों से सड़क नहीं बनी है. खेजड़ली खुर्द से स्कूली छात्र-छात्राओं ने अपनी पीड़ा जताते हुए वीडियो के माध्यम से जनप्रतिनिधियों से परेशानी का निवारण करने की गुहार भी लगाई है.
गांवों में भी तेज बारिश: जिले के तिंवरी में शनिवार सुबह से लगातार 3 घंटे की बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया. जलभराव की वजह से कॉलोनियों, स्कूलों और खेतों में पानी भर गया. नाली-जमाव और कीचड़ के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. कई निजी विद्यालयों ने आधे दिन में छुट्टी की घोषणा की.
लटिया नाले में बहने से 4 वर्षीय बालक की मौत: सवाई माधोपुर के कागजी मोहल्ले में शनिवार को शहर के मध्य बहने वाले लटिया नाले में बहने से 4 साल के बालक जुबेर खान पुत्र जाकिर खान की मौत हो गई. कोतवाली थाना पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बालक को मृत घोषित कर दिया. स्थानीय निवासी ने बताया कि बारिश होने के कारण रणथंभौर के पहाड़ों से लटिया नाले में लगातार पानी आ रहा है. ऐसे में लटिया नाला पूरे वेग के साथ बह रहा है. कोतवाली थाना अधिकारी हरलाल सिंह मीणा ने बताया कि कागजी मोहल्ला निवासी चार वर्षीय बालक जुबेर खान दुकान पर टॉफी-बिस्किट लेने गया था. वापसी में अपने घर के पास नाले किनारे पर पैर फिसल गया और वह नाले के तेज बहाव में बह गया.
डीडवाना कुचामन में मेघ मलहार: डीडवाना कुचामन जिले के कुचामन, मकराना, नावा, पांचवा, चितावा, मिठड़ी आदि क्षेत्रों में दो दिन से हो रही बारिश से नदी-नालों, तालाबों में पानी की आवक हुई है. वहीं कई इलाकों में जलभराव से दिक्कतें भी सामने आई हैं. गुरुवार रात शुरू हुआ बारिश का सिलसिला आज शनिवार तक जारी है. जिससे शहर की कई मुख्य सड़कें और गली-मोहल्ले पानी में डूबे नजर आए. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरती जा रही है. मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है.




















