धौलपुर: मनिया थाना इलाके के हिनौता चौकी गांव के पास गुरुवार को महिलाएं लामबंद हुई और शराब के ठेके पर पहुंच गई. लाठियों के बल पर महिलाओं ने शराब के ठेके को बंद करा दिया. ठेके के सामने महिलाएं धरने पर बैठ गई हैं और ठेके को स्थायी रूप से बंद नहीं किए जाने के खिलाफ सड़क जाम करने की चेतावनी दे रही हैं.
महिला प्रदर्शनकारी सीमा ने बताया कि चौकी हिनौता गांव के पास शराब का सरकारी ठेका है. गांव के लोग और बच्चे ठेके से शराब का सेवन करते हैं. उन्होंने दावा किया कि नाबालिग बच्चे भी नशाखोरी की लत का शिकार हो रहे हैं, जिससे गांव की युवा पीढ़ी बुरी तरह बर्बाद हो रही है. सीमा ने बताया कि उसने अपने पति को चार से पांच बार लोन लेकर दुकान खुलवाई, लेकिन दुकान से होने वाली आमदनी का पैसा उसके पति शराब पीकर और मारपीट करने में उड़ा देते हैं. शराब के नशे में आवारा लोग महिलाओं के साथ उत्पात मचाते हैं और घरों में महिलाओं के साथ मारपीट की जा रही है. इस मामले को लेकर मनिया थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने बताया कि महिलाओं से समझाइश की जा रही है और समस्या का समाधान निकाला जाएगा.
युवा आ रहे नशे की चपेट में: महिलाओं का कहना था कि नशाखोरी की लत युवा पीढ़ी और लोगों में इतनी बढ़ गई है कि वे घरेलू सामान तक बेचने लगे हैं. पुलिस और प्रशासन को इस समस्या की शिकायत भी दर्ज कराई गई, लेकिन एक्साइज विभाग शराब के ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट नहीं कर रहा है. इसी के विरोध में महिलाएं लाठियां लेकर शराब के ठेके पर पहुंच गईं और वहां मौजूद सेल्समैन एवं कर्मचारियों से ठेका बंद करवा दिया. महिलाओं ने चेतावनी दी है कि अगर शराब के ठेके को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया तो वे सड़कें जाम कर देंगी.




















