जयपुर: हज 2026 के मुकद्दस सफर के लिए राजस्थान हज कमेटी की आवेदन करने की कवायद अब थम गई है. राजस्थान से इस बार 5106 आवेदन आए. इनमें 4587 आवेदन सही पाए गए. 519 आवेदन कमियों के चलते निरस्त कर दिए गए.अब सही आवेदनों में से हज यात्रा के चयन के लिए 16 अगस्त को कुर्रा (लॉटरी) निकाली जाएगी. हज कमेटी से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि 16 अगस्त को सचिवालय में हज की लॉटरी निकाली जाएगी.
हज कमेटी के अधिशासी अधिकारी अबू सुफियान ने बताया कि जिन आवेदकों के आवेदन सही पाए गए, उन्हें कवर नंबर जारी कर दिए हैं. हज की लॉटरी में कवर नंबर से ही नाम सामने आता है. हज यात्रा 2026 के लिए आवेदन करने के अंतिम तिथि 7 अगस्त थी. उसके बाद प्रक्रिया रोक दी गई. इस दौरान राजस्थान से 5106 आवेदन आए, जिनमें 4587 आवेदन सही पाए गए.
चयनितों को 20 तक जमा करनी होगी पहली किश्त: अबू सुफियान ने बताया कि वर्ष 2026 की लॉटरी निकलने के बाद उसमें चयनित हज यात्रियों को अपने हज खर्च की पहली किश्त 20 अगस्त तक जमा करानी होगी. पहली किश्त के रूप में 1 लाख 52 हजार 300 जमा करने होंगे.
पिछले साल गए थे 3408 यात्री: राजस्थान हज कमेटी के पूर्व सदस्य और मुख्य हज ट्रेनर मोहम्मद शाहिद का कहना है कि पिछले साल सेंट्रल हज कमेटी की ओर से राजस्थान को 4392 यात्रियों का कोटा अलॉट किया गया था. इस साल भी लगभग यही कोटा मिल सकता है. हज यात्रा 2025 के लिए पिछले साल 4188 आवेदन आए थे. इनमें 386 आवेदन निरस्त कर दिए. 3802 आवेदन सही पाए गए थे लेकिन हज यात्रा पर केवल 3408 हज यात्री ही जा पाए.
गौरतलब है कि हज यात्रा 2025 के लिए राजस्थान से हज यात्रियों की पहली फ्लाइट 1 मई 2025 को जयपुर एयरपोर्ट से रवाना हुई थी. अंतिम फ्लाइट 8 मई को रवाना हुई थी.उसके बाद हाजियों की हज मुकम्मल होने के बाद सऊदी अरब से पहले फ्लाइट 17 जून को जयपुर पहुंची थी. अंतिम फ्लाइट 29 जून को जयपुर एयरपोर्ट आई थी.




















