चूरू के सरदारशहर में मंदिर के अंदर जाने पर दलित समाज के लोगों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गांव की गोशाला में हुई भागवत कथा के बाद शोभायात्रा निकाली गई थी। इस दौरान लोग गांव के ठाकुरजी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पहले तो उन्हें दलित कहते हुए मंदिर में घुसने नहीं दिया। जब वे अंदर गए तो उनके साथ मारपीट की गई। मामला साडासर गांव का रविवार शाम साढ़े 6 बजे का है।
घटना को लेकर एक ग्रामीण ने भानीपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है, जिसमें 4 लोगों पर छुआछूत और मारपीट का आरोप लगाया है। घटना के दूसरे दिन सोमवार को ग्रामीण भानीपुरा थाना पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
डीएसपी ने बताया कि साडासर गांव के कानाराम मेघवाल (19) ने मामले में रिपोर्ट दी है। जिसमें कानाराम ने बताया- हमारे गांव की गोशाला में भागवत कथा का 21 सितंबर को समापन हुआ।
समापन पर शाम साढ़े 6 बजे गोशाला से गांव में बने ठाकुर जी तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान गांव के सभी लोग मंदिर के अंदर तक जा रहे थे। मैं और मेरे साथ आए संदीप, मुकेश, विष्णु, कालूराम भी मंदिर में जाने लगे।
संस्कार जैन यूथ सेवा संस्थान के गरबा महोत्सव के पास का विमोचन
इसी दौरान गांव के सुरदास स्वामी, शंकरलाल, हिम्मत कुमार, अनिल ने हमें यह कहते हुए रोक दिया कि आप दलित समाज से हो। हम आपको मंदिर में नहीं जाने देंगे। इस पर मैंने कहा कि मंदिर सभी का है, हमें भी दर्शन करने दो।
इतना कहने के बाद वे गुस्सा हो गए। उन्होंने हमारे साथ मारपीट की। शंकरलाल मंदिर के अंदर से डंडा उठाकर लाया और मुझ पर हमला कर दिया, इस दौरान मैं फर्श पर गिर गया। आरोपियों ने धमकी देकर कहा कि दलित समाज के किसी व्यक्ति को मंदिर में नहीं घुसने देंगे।
भागवत कथा में सभी ने दिया सहयोग-भागीरथ
भानीपुरा थाने पहुंचे गांव के भागीरथ ने बताया-गोशाला में भव्य कथा हुई थी। कथा में सभी लोगों ने सहयोग दिया था, हमने भी सहयोग दिया। समापन पर शोभायात्रा निकाली गई थी।
हमारे बच्चे शोभायात्रा में नाचते हुए चल रहे थे। मंदिर में दर्शन करने से रोकना और मारपीट करना गलत है। भागीरथ ने कहा मंदिर में जाने के लिए इन्होंने पहले से पाबंदी लगाई हुई थी। मैं कभी भी मंदिर के अंदर नहीं गया

ग्रामीण कालूराम ने बताया- शोभायात्रा में हम महाराज जी संत भोले बाबा (कथावाचक) के साथ जा रहे थे। महाराज जी ने कहा कि मंदिर में सबको धोक लगानी है। इसके बाद महाराज जी मंदिर में चले गए।
हम मंदिर में जाने लगे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने कहा कि एससी-एसटी के लोग मंदिर में नहीं जा सकते। हम फिर भी जाने लगे तो उन्होंने रोका और कहा कि मंदिर अपवित्र हो जाएगा। हम अंदर गए इन लोगों ने हमारे साथ मारपीट की।
पुलिस ने आरोपियों के घर दी दबिश
सरदारशहर डीएसपी सत्यनारायण गोदारा ने कहा-सूचना पर पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू की। मंदिर की डीवीआर पुलिस थाने ले आई है। पुलिस टीम ने साडासर गांव में आरोपियों के घर छापा भी मारा है। आरोपी गांव से फरार हो गए है। सभी की तलाश की जा रही है।




















