जोधपुर: केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि एसआई भर्ती में न्यायालय के निर्णय का सम्मान करना चाहिए, लेकिन ‘मैंने पहले भी कहा था कि अभी तो बहुत छोटी मछलियां सामने आई हैं, बड़े सफेदपोश भी अभी सामने आना बाकी हैं’. शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि अभी इस भर्ती पर अंतिम फैसला आना बाकी है. एसओजी अभी जांच कर रही है, जांच पूरी होने की प्रतीक्षा करनी चाहिए.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संकल्प लिया था कि युवाओं का भविष्य खराब करने वाले हर व्यक्ति, जो अपराधी है, उसे सजा मिले, यह सुनिश्चित करेंगे. न्यायालय के भर्ती प्रक्रिया को रद्द करने के फैसले में कहा गया है कि इसमें आरपीएससी के सदस्य भी शामिल थे, लेकिन यह छोटी मछलियां हैं, बड़ी मछलियों के नाम अभी सबके सामने आना बाकी है. शेखावत ने कहा कि उन्होंने चुनाव से पहले कहा था कि अनेक बड़े सफेदपोश लोग जो आज बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, वे सलाखों के पीछे देखने को मिलेंगे.
फैसले का सम्मान करें: एसआई भर्ती के मामले में नेताओं के क्रेडिट की लड़ाई पर शेखावत ने कहा कि सरकार की जांच के प्रतिवेदन के आधार पर न्यायालय ने जो फैसला किया है, उसका सम्मान करना चाहिए. अब जिनको हर चीज में राजनीतिक लाभ लेने की भूख रहती है, उनसे कोई दूसरी अपेक्षा नहीं की जा सकती.
कांग्रेस को आत्मावलोकन की जरूरत: बिहार में पीएम मोदी और उनकी मां को लेकर की गई टिप्पणी पर शेखावत ने कहा कि जो लोग संविधान की किताब जेब में लेकर चलते हैं, वे ही संविधान का मखौल उड़ा रहे हैं. कांग्रेस पार्टी को निश्चित तौर पर आत्मावलोकन करने की जरूरत है. शेखावत ने राहुल गांधी पर कहा कि वह अब तक 100 से ज्यादा चुनाव अलग-अलग जगहों पर हार चुके हैं, इसलिए उनके मन में खीज है. उनके प्रति सहानुभूति है. उन्हें आत्मावलोकन करना चाहिए.
देश हर चुनौती से पार कर आगे बढ़ेगा: अमेरिकी टैरिफ के मामले पर शेखावत ने कहा कि भारत पूरी ताकत से जुटा है. हम भारत के किसान, मछुआरे और लघु उद्योग के हित के विरुद्ध नहीं जा सकते हैं. आने वाला समय भारत का होगा. हम अपनी गुणवत्ता सुधारेंगे और लागत कम करेंगे. दुनिया की चुनौतियों और बाधाओं को पार कर हम आगे बढ़ेंगे. अटलजी ने जब परमाणु बम का परीक्षण किया था, तब भी कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए थे, लेकिन भारत आगे बढ़ा था और आज भी आगे बढ़ेगा.




















