उदयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 125वें एपिसोड को जिले में भी अलग-अलग स्थानों पर सुना गया. बेदला इलाके में इस कार्यक्रम को सुनने स्कूली बच्चे पीएम मोदी की ड्रेसिंग स्टाइल और मेकअप कर पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी बने बच्चों ने चाय पर चर्चा भी की.
दरअसल, शहर से सटे बेदला इलाके में स्कूली बच्चे बच्चे पीएम मोदी के वेश में प्रकटेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में रविवार को देबारी मण्डल द्वारा आयोजित ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 125वें संस्करण का प्रसारण देखने पहुंचे. इस दौरान करीब 25 बच्चे मोदी की स्टाइल में कुर्ते-पायजामे के साथ मोदी जैकेट पहने नजर आए. इस दौरान सभी बच्चों ने मोदी जैसा हुबहू मेकअप भी कर रखा था. जब ये बच्चे गांव की तंग गलियों से निकले, तो हर कोई इन्हें देखकर अचंभित रह गया. इन बच्चों ने मोदी की स्टाइल में सभी लोगों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया.
कार्यक्रम के आयोजक देबारी मंडल के अध्यक्ष प्रताप सिंह राठौड़ ने बताया कि देश के भविष्य इन बच्चों में मोदी जी के प्रति जबरदस्त क्रेज है. इन बच्चों को जब पता चला कि मन की बात का कार्यक्रम बेदला के प्रकटेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित हो रहा है, तो सभी मोदी बनकर यहां पहुंचे. बच्चों ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम को टेलीविजन पर देखा.
इस कार्यक्रम में ‘नन्हे मोदी’ का हौसला अफजाई करने शहर भाजपा के अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ भी पहुंचे. कार्यक्रम के पश्चात राठौड़ ने अपने हाथों से चाय बनाकर ‘नन्हे मोदी’ बने बच्चों को पिलाई. इसके पश्चात राठौड़ ने मोदी बने बच्चों से चाय के साथ पीएम मोदी की तरह देश की भावी योजनाओं पर चर्चा भी की. इन बच्चों को तैयार करने में मंदिर समिति की महिलाओं ने भागीदारी निभाई. इस दौरान शहर भाजपा के अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, मंडल अध्यक्ष एवं उपप्रधान प्रताप सिंह राठौड़, शक्ति केंद्र संयोजक सुरेश प्रजापत, बूथ अध्यक्ष तुषार धाकड़, अंबेरी बूथ अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह राजपूत, कुणाल शुक्ला, गजेंद्र सिंह सांखला सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे.




















