जोधपुर: बोचासनवासी श्री अक्षर पुरुषोत्तम स्वामीनारायण संस्था (बीएपीएस) जोधपुर के अक्षरधाम मंदिर का काम पूरा हो गया है. यहां 19 सितंबर से प्राण प्रतिष्ठा उत्सव प्रारंभ होगा. यह 28 सितंबर तक चलेगा. सूरसागर स्थित काली बैरी के नजदीक पहाड़ी स्थल पर बने मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए भक्तों का आना शुरू हो गया है.
योगी प्रेम स्वामी ने बताया कि यह मंदिर जीवंत शिल्पकला का प्रतीक है. मंदिर निस्वार्थ सेवा के प्रेरणा स्थल के रूप में काम करेगा. किसी भी तरह की छोटी बड़ी आपदा में लोगों के खड़ा होगा. बाल संस्कार केंद्र अलग-अलग क्षेत्रों में स्थापित करेंगे. जिससे सनातनी संस्कार जीवित रहें. मूर्ति स्थापना और लोकार्पण समारोह 25 सितम्बर को होगा. साधु ज्ञानानंद ने बताया कि इस समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुनराम मेघवाल, अश्वनी वैष्णव सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे.
23 से 25 सितंबर तक होंगे ये कार्यक्रम: स्वामी ने बताया कि 23 सितम्बर को 1500 स्थानीय भक्त यज्ञ में शामिल होंगे. 24 को अन्य जिलों के भक्त यज्ञ में बैठेंगे. 25 को सुबह मूर्ति स्थापना होगी. इसी दिन शाम को लोकार्पण समारोह होगा. 24 सितंबर को रावण का चबूतरा से शोभायात्रा निकलेगी. 28 को संतों का समागम भी होगा.
जोधपुर के छीतर पत्थर से बना है मंदिर: पूरा परिसर 42 बीघा में है. मंदिर का निर्माण करीब 10 बीघा में हुआ है. इस मंदिर में जोधपुर का ही छितर का पत्थर लगा है. जिस पर तीन हजार से ज्यादा नक्काशियां उकेरी गई हैं. जिन्हें देख लगता है कि कितनी मेहनत से इन्हें उकेरा गया है. जोधपुर के मंदिर में अक्षरधाम के पहले से बने बड़े मंदिरों की डिजाइन के मिश्रण की झलक भी नजर आएगी. यहां 1 लाख 11 हजार 111 घन फीट जोधपुरी छितर के पत्थर का उपयोग हुआ है. निज मंदिर में 11551 वर्ग फीट का अभिषेक मंडप आकर्षण का केंद्र होगा.
मंदिर के बारे में:
- मंदिर परिसर – 42 बीघा में
- मुख्य मंदिर – 191 गुना 181 गुना 111 फीट
- शिखर – 5
- स्तम्भ – 281
- तोरण कमान – 121
- मूर्तियां – 151
- बाह्य परिक्रमा – 1100 फीट




















