उदयपुर : जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर रविवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया. हादसा इतना दर्दनाक था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. दंपती मजदूरी करने उदयपुर जा रहे थे. घटना के बाद इलाके में स्थानीय ग्रामीण जमा हो गए और पुलिस को सूचित किया.
पुलिस ने की जांच शुरू: गोगुंदा थाने के एएसआई नंदलाल नागदा ने बताया कि कला आश्रम के पास एक सड़क हादसे की जानकारी मिली, जहां पहुंचने पर दंपती मृत अवस्था में मिले. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर 108 की मदद से गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. वहीं, बाइक को थाने में जब्त कर मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने नाकाबंदी करवाकर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है. मृतकों की पहचान, मोरवल के हाथीया तलाई निवासी, भुरकी बाई व पति पेमा गमेती के रूप में हुई है. जिसके बाद पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी सूचना पहुंचा दी है.
गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर हादसों की बढ़ती संख्या: गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर यह हादसा कोई पहला नहीं है. पिछले चार दिनों में इस मार्ग पर चार लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने अब तक इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए हैं. गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे अब हादसों का गढ़ बनता जा रहा है, जहां तेज रफ्तार वाहन और सुरक्षा इंतजामों की कमी से हादसे लगातार हो रहे हैं.




















