जयपुर: राजधानी जयपुर के गलता गेट थाने इलाके में नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर पिता के सिर पर बैट से वार कर हत्या करने आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हत्या करने के बाद आरोपी रिश्तेदार के घर में छुप गया था.
एसीपी रामगंज हरिशंकर शर्मा के मुताबिक मृतक शराब दुकान से शराब लेकर रात के समय बेचने का काम करता था. मंगलवार रात को ट्रांसपोर्ट नगर निवासी जस्सी सरदार शराब लेने के लिए पहुंचा था. वह उधार में शराब मांगने लगा. उधार देने से मना करने पर दोनों में कहासुनी हो गई. इस पर आरोपी मृतक की 12 साल की नाबालिग लड़की से छेड़खानी करने लगा. नाबालिग बेटी के पिता ने छेड़छाड़ का विरोध किया, तो जस्सी गालीगलौच करने लगा. आपस में कहासुनी झगड़े में तब्दील हो गई. झगड़ा बढ़ने पर आरोपी जस्सी मौके से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद हाथ में बैट लेकर वापस आया.
पुलिस के अनुसार आरोपी ने नाबालिग लड़की के पिता पर बैट से हमला करके लहूलुहान कर दिया. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. गंभीर घायल को आसपास के लोगों ने नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टर ने हालत ज्यादा गंभीर होने पर सवाई मानसिंह अस्पताल भेज दिया. सवाई मानसिंह अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. सूचना मिलते ही गलता गेट थाना पुलिस अस्पताल पहुंची. मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया. मृतक के परिजनों की ओर से बुधवार को हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया.
पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और हत्या का मामला दर्ज करके आरोपी की तलाश शुरू की. आरोपी की पहचान करके बुधवार देर रात को दस्तयाब किया गया. आरोपी किसी रिश्तेदार के घर में छुपा हुआ था. पुलिस ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.




















