झुंझुनूं. देशभर के लाखों किसानों के खातों में आज नोटों की बरसात होगी. प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आज देश के लाखों किसानों को राजस्थान के झुंझुनूं से क्लेम राशि का भुगतान किया जाएगा. केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा होंगे. इस कार्यक्रम में DBT के माध्यम से देशभर के 30 लाख से अधिक किसानों को 3200 करोड़ रुपये से अधिक की फसल बीमा दावा राशि डिजिटल रूप से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी.
मेवाड़ में गूंजी घंटियां…आस्था, अनुशासन और लोक रंग का महापर्व, शुरू हुआ गवरी का रंगीन सफर
झुंझुनूं की हवाई पट्टी पर दोपहर 1 बजे होने वाले इस कार्यक्रम में झुंझुनूं, सीकर, जयपुर और कोटपूतली-बहरोड़ सहित विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे. वहीं देश के विभिन्न राज्यों के लाखों किसान वर्चुअली भी समारोह से जुड़ेंगे. समारोह में राजस्थान के 7 लाख से अधिक किसानों को 1121 करोड़ रुपये से राशि मिलेगी. वहीं मध्य प्रदेश के किसानों को 1156 करोड़ रुपये, छत्तीसगढ़ के किसानों को 150 करोड़ रुपये और शेष राज्यों के किसानों को 773 करोड़ रुपये की राशि का सीधा लाभ मिलेगा.
आयोजन के कई सियासी मायने हैं
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी झुंझुनूं के रहने वाले हैं. वे किसान वर्ग से आते हैं. उनके इस्तीफे के बाद झुंझुनूं में किसानों से जुड़ा यह पहला बड़ा सरकारी कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. लिहाजा इस कार्यक्रम को झुंझुनूं में किए जाने को लेकर इसके कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं. माना जा रहा है कि इस आयोजन के जरिये किसानों को खास संदेश देना चाहती है. इस कार्यक्रम में झुंझुनूं और पड़ौसी जिलों के 30 हजार किसानों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है.
राजस्थान से इस साल हज यात्रा पर कौन जाएगा? 16 अगस्त को खुलेगी लॉटरी
ये मंत्री भी रहेंगे समारोह में मौजूद
समारोह में विशेष अतिथि के रूप में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान के कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ीलाल मीणा, झुंझुनूं के प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, किसान नेता तथा मंत्रालय और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे. कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई है. किसानों का समारोह में आना शुरू हो गया है.




















